बरेली। पीईटी के चलते रविवार शाम को जंक्शन पर काफी भीड़भाड़ रही। ट्रेनों में चढ़ने को लेकर थोड़ी बहुत धक्कामुक्की भी हुई। ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव और परीक्षा स्पेशल ट्रेनें भीड़ नियंत्रण में मददगार रहीं। अधिकारी व्यवस्था की लगातार मॉनीटरिंग करते रहे। परीक्षा छूटने के बाद जंक्शन पर रविवार को काफी भीड़भाड़ रही। जिसको लेकर रेलवे पहले तमाम तैयारियां कर रखीं थी। मुरादाबाद रेल मंडल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रेम शंकर और सीनियर डीसीएम महेश यादव के नेतृत्व में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक और स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप और सीआईटी ओपी भारद्वाज ने कामर्शियल विभाग की आठ टीमें प्लेटफार्म, पूछताछ केंद्र, टिकट विंडो और सर्कुलेटिंग में टीमें लगाई गई थीं। आरपीएफ इंस्पेक्टर मयंक चौधरी और जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा के नेतृत्व में आठ टीमें सुरक्षा व्यवस्था संभालने में लगी रहीं। अप-डाउन की कई ट्रेनों को पांच से 15-15 मिनट तक अतिरिक्त ठहराव कराया गया। इससे अभ्यर्थियों को चढ़ने में परेशानी नही हुई। दोपहर को पहली पारी की परीक्षा छूटी तो काफी परीक्षार्थी सेटेलाइट पहुंच गये। यही हालात पुराना बस स्टैंड पर रहे। परीक्षा के चलते 120 अतिरिक्त बसें संचालित की गईं। हालांकि अभ्यर्थियों ने बसों की अपेक्षा ट्रेनों से अधिक सफर किया। एआरएम बरेली और रुहेलखंड डिपो की टीम बस अड्डों पर मॉनीटरिंग को लगी रहीं। जैसे ही एक रूट के 20 से अधिक अभ्यर्थी जुटते थे, बस को तुरंत ही रवाना कराया जा रहा था। परीक्षा छूटने के बाद दोपहर और शाम को शहर में कुछ समय को जाम की समस्या हुई। एक तो वैसे ही दीपावाली के त्यौहार के चलते बाजारों में भीड़ हो रही है। दूसरे परीक्षा के चलते भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। नावल्टी, सेटेलाइट, चौक, किला सिटी स्टेशन रोड, महादेव सेतु पर जाम की समस्या हुई। लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने समय चलते हालात बिगड़ने नहीं दिये। कुछ समय को राहगीरों के लिए दिक्कतें हुई।।
बरेली से कपिल यादव
