नवाबगंज। थाना क्षेत्र के धौरेरा मोड़ पर मंगलवार को पिकअप और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार पिकअप चालक अमन, थाना भुता क्षेत्र के गांव गूगा का निवासी हैं। वह अपने वाहन से जा रहा था, तभी धोरेरा मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल अमन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। बाइक सवार को बस ने मारी टक्कर, चालक फरार: नवाबगंज। दादी की तेहरवीं संस्कार के बाद मौसी को घर छोड़ने जा रहा एक युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक और परिचालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। कस्बा नवाबगंज के मोहल्ला बिजौरिया निवासी संजू पुत्र ज्ञान प्रकाश बुधवार को अपनी दादी सुशीला देवी की तेहरवी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपनी मौसी मीना को बाइक से मोहल्ला हरीनगर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान बरेली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे बरेली रेफर कर दिया गया।।
बरेली से कपिल यादव
