पत्नी पर तेजाब पिलाने का आरोप, दो घंटे तक थाने के बाहर होता रहा हंगामा

बरेली। युवक की मौत के बाद परिजनों ने उसकी पत्नी और प्रेमी की गिरफ्तारी को लेकर थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। परिजन पत्नी पर जहर देने का आरोप लगा रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को थाने के बाहर रखने के लिए एम्बुलेंस से उतारने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने एम्बुलेंस नहीं रुकने दी। दो घंटे तक हंगामा हुआ। बाद में पुलिस के समझाने पर शव का अंतिम संस्कार करने को तैयार हुए। बारादरी के जोगी नवादा के रहने वाले मोहम्मद इस्माइल ने बताया कि उनका भाई इसरार मोहम्मद अपनी पत्नी के साथ ईट पजाया चौराहे पर किराये पर रहता था। आरोप लगा कि इसरार की पत्नी के मकान मालिक से संबंध थे। इसरार ने विरोध किया तो पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर 7 अगस्त की रात मारपीट कर उसे तेजाब पिला दिया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शनिवार की शाम उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को मृतक के भाई, बहन, मां के साथ मोहल्ले के तमाम लोग बारादरी थाने पहुंचे और मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे जिससे वहां जाम जैसी स्थिति हो गई। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वे कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए। कार्रवाई न होती देख परिजनों ने शव को एम्बुलेंस से बारादरी थाने के अंदर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने एम्बुलेंस को रुकने नहीं दिया। पुलिस ने परिजनों को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन वहां से चले गए। मृतक इसरार की मां ने बताया कि उनके बेटे को बहू जबरन अपने साथ ले आई थी। वह तीन साल से घर नहीं आया और न ही उसकी पत्नी ने उन्हें कभी बेटे से मिलने दिया। बेटे ने पत्नी और उसके प्रेमी के बारे में सारी बात बताई थी। इसरार ने अपने बेटे को भी खतरा बताया था।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *