बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। पटाखों के अवैध भंडारण की शिकायतों को लेकर बुधवार शाम प्रशासन ने कस्बे में छापामार कार्रवाई की। मीरगंज एसडीएम निधि शुक्ला और सीओ हाईवे देवेश सिंह ने पुलिस टीम के साथ पटाखा दुकानों और गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान मोहन ट्रेडर्स पर मानक से अधिक और निर्धारित स्थान के बजाय अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण पाए जाने पर दुकान को तत्काल बंद करा दिया गया। एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि अवैध भंडारण की शिकायत मिलने पर अचानक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की गई। मौके पर पटाखों का भंडारण आवश्यकता से अधिक तथा निर्धारित स्थान के अनुरूप नही मिला। इसके बाद दुकान मे ताला डालकर उसे बंद करा दिया गया। मामले की जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है। जिलाधिकारी के आदेश के बाद दुकान को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की छापामार कार्रवाई की सूचना मिलते ही अन्य पटाखा कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया। कई कारोबारी अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से चले गए। कार्रवाई के दौरान चौकी इंचार्ज आदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
