दो साल बाद सजदे मे झुके सिर, ईदगाहो से दिया अमन व भाईचारे का पैगाम, एक दूसरे को दी मुबारकबाद

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। शहर से लेकर देहात तक ईद-उल-फितर पूरे जोश और अकीदत से मनाया गया। ईदगाह सहित शहर व देहात की हर मस्जिदों मे नमाज के बाद मुल्क मे अमन और इत्तेहाद की दुआ की गई। हजारों लोगों ने एक साथ सजदे मे सिर रखकर रब की इबादत की। ईदगाह मे सुबह नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां बांटीं। मंगलवार की सुबह 7 बजे से ईद की नमाज का सिलसिला शुरू हुआ, जो 11 बजे तक चला। मंगलवार को 160 ईदगाह समेत 896 मस्जिदों मे ईद की नमाज अदा की गई। वहीं इस दौरान बरेली शहर मे खानकाहे नियाजिया मस्जिद मे सज्जादानशी अल्हजा मौलाना मेंहदी नियां नियाजी ने नमाज अदा कराई। ईद को लेकर लाखों की संख्या में ईदगाह में नमाजियों ने नमाज अदा कर अल्लाह से दुआएं मांगी। इस दौरान ईदगाह के बाहर के अलावा कई अन्य जगहों पर नमाज अदा की गई। सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या मे पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स के साथ पीएसी के जवान मुस्तैद है। इसी के साथ हाई अलर्ट के चलते खुफिया विभाग भी सक्रिय है। ईद-उल-फितर त्योहार के दृष्टिगत शांति, सुरक्षा कानून व्यवस्था को लेकर अफसर भी सुबह से ही चौकन्ने दिखाई पडे। इस दौरान डीएम शिवाकांत दिवेदी और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण सुबह से ही सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था का जाएजा लेने उतरे। इस दौरान दोनों अफसर किला थाना क्षेत्र अन्तर्गत ईदगाह बाकरगंज में ईद की नमाज के अवसर पर निरीक्षण करते हुए धर्मगुरूओं से मुलाकात कर वार्ता की। शहर के तमाम इलाकों के अलावा देहात क्षेत्र से भी लोग नमाज अदाएगी के लिए यहां एकत्र हुए थे। ठीक साढ़े दस बजे काजी-उल-हिन्दुस्तान मुफ्ती असजद रजा खां कादरी ने नमाज अदा कराई। ईदगाह पर लोग सफों में भी नमाज अदा करते दिखे। नमाज के बाद मुल्क सहित पूरे विश्व के लिए अमन-ओ-इत्तेहाद की दुआ करते खुदा से सलामती मांगी। दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि सबसे आखिर में 11 बजे दरगाह आला हजरत स्थित रजा मस्जिद में इमाम कारी रिजवान रजा ने नमाज अदा कराई। दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हानी मियां, सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां समेत खानदान के सभी सदस्यों ने नमाज अदा की। इसके बाद दरगाह प्रमुख, सज्जादानशीन ने सभी से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। कोरोना महामारी के कारण दो साल बाद लोग ईद पर गले मिले और हाथ मिलाकर एक-दूसरे से कहा मुबारक हो। ईद उल फितर पर शहर की सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। साथ ही शहर के आसपास इलाकों जैसे स्टेशन रोड मस्जिद, परसाखेड़ा मस्जिद, बिधौलिया, सरनिया, गोविंदापुर मस्जिदों के अलावा फतेहगंज पश्चिमी के जामा मस्जिद गौसिया मस्जिद में भारी संख्या मे लोगों ने नमाज अदा की।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *