बरेली। जिले के थाना भमोरा क्षेत्र के गांव खेड़ा में बकरा चोरी के दौरान गिरे हुए चोरों के दो मोबाइल व ग्रामीण की मदद से बकरा चोर को पकड़ लिया जबकि उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा। आपको बता दें कि थाना भमोरा क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी वेद प्रकाश ने बताया कि रविवार की रात उसका बकरा घर की गैलरी से चोरी हो गया था। सोमवार की सुबह उसने देखा तो बकरा गायब था। हालांकि चंद कदम की दूरी पर उसे दो लावारिस मोबाइल पड़े मिले तो वह समझ गया कि दोनों मोबाइल बकरा चोरो के है। इसके बाद वह शांत बैठ गया और चोरों के फोन आने का इंतजार करने लगा। सोमवार की शाम दोनों मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा यह मोबाइल उनका है और रास्ते में कही गिर गया था। जिस पर वेदप्रकाश ने कहा उसे मोबाइल खेड़ा गांव के रास्ते मे पड़ा मिला है। उन्होंने चोरों से कहा कि वह खेड़ा गांव के पास आए और अपना मोबाइल लेकर जाएं। जिसके बाद वेद प्रकाश ने ग्रामीणों को बताया तो सभी ने चोरों को दबोचने का प्लान बनाया। सोमवार की रात बाइक सवार दो चोर मोबाइल लेने पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हे घेर लिया तो बाइक सवार एक चोर भागने में कामयाब रहा लेकिन दूसरे चोर को ग्रामीणों ने दबोच लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। पकड़े चोर ने अपना नाम साहिल निवासी देवचरा बताया। उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम बताए। कहा कि वह ग्रामीण क्षेत्रों मे बाइक से दिन में घूमते रहते है और मौका मिलते ही किसी का भी बकरा चुराकर बेच देते है। अब तक उन्होंने दर्जनों बकरे चोरी किए है। पुलिस ने चोर समेत दोनों मोबाइल जब्त कर लिए हैं और फरार दाे साथियों की तलाश मे दबिश दे रही है। पूछताछ में चोर साहिल ने बताया कि बकरा तो 8 हजार में बिका लेकिन दोनों मोबाइल 30 हजार के थे। उन्हें लगा कि मोबाइल मौके पर नहीं बल्कि रास्ते में गिर गए हैं। जिसके चलते वह वेद प्रकाश के झांसे में आ गए। वही वेद प्रकाश के सूझबूझ की पुलिस ने भी सराहना की।।
बरेली से कपिल यादव
