बरेली। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों तथा डॉक्टरों को निर्देश दिये कि जिस सीएचसी व पीएचसी पर उन्हें तैनात किया गया है। वहां पर रहते हुए कार्यशैली को बदलते हुए संवेदनशील होकर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें। उन्होंनें मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभारी चिकित्साधिकारी व डॉक्टर बिना अनुमति के अनुपस्थित है तो उनका एक दिन का वेतन रोका जाए। बुधवार को जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट सभागार मे जिला स्वास्थ्य समिति एवं रेबीज नियंत्रण बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने निर्देश दिए कि आरबीएस की टीम द्वारा एनआरसी मे बच्चों को भर्ती कराया जाता है। उसकी सूची जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जिला क्षय रोग अधिकारी को निर्देश दिए कि टीबी मरीजों का इलाज शत प्रतिशत किया जाए। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को आगाह किया कि सीएचसी- पीएचसी मे कभी भी उच्च अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया जा सकता है इसलिए वे अपनी तैनाती के स्थान पर ही रहे। साथ ही उन्होंने सभी सम्बन्धित को निर्देश दिये कि जिस स्वास्थ्य केन्द्र को जो लक्ष्य दिया गया है उसको शत प्रतिशत पूर्ण किया जाये। उन्होंने कहा कि रेबीज रोग जानलेवा है, उसका टीकाकरण ही बचाव है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल तथा स्वास्थ्य केन्द्र में रेबीज का टीका निःशुल्क लगाया जाता है। इसके लिए अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नम्बर 18001805145 पर सम्पर्क कर सकते है। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बलवीर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला डॉ अलका शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष डॉ. एम सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी तथा डॉक्टर सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
