तेजी से बढ़ी अंतरा इंजेक्शन के लाभार्थियों की संख्या:गर्भनिरोधक के अस्थाई साधनों में बन रहा है पहली पसंद

*छाया गोली के लाभार्थियों की संख्या में भी हर साल बढ़ोत्तरी
हमीरपुर- नवीन गर्भनिरोधक साधनों में महिलाओं की पहली पसंद बना त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा जहां बच्चों के जन्म में अंतर रखने में बेहद कारगर व सुरक्षित है वहीं गर्भाशय, अंडाशय व स्तन के कैंसर से भी रक्षा करता है। गतवर्ष के मुकाबले इस वर्ष अंतरा इंजेक्शन के लाभार्थियों की संख्या 119 प्रतिशत बढ़ी है।
परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ.पीके सिंह का कहना है कि बार-बार गर्भपात, अस्पताल के चक्कर लगाने, कमजोर होती सेहत जैसी दिक्कतों से निजात पाने और परिवार में खुशहाली लाने के लिए परिवार नियोजन के नए साधन अपनाने में ही समझदारी है। इसके लिए वर्तमान में दो नए अस्थायी गर्भनिरोधक साधन अंतरा इंजेक्शन व छाया गोली उपलब्ध हैं। दोनों साधन जहां एक ओर दो बच्चों के जन्म में अंतर रखने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं वहीं इनके इस्तेमाल से एनीमिया व कैंसर से भी बचाव होता है।
नोडल अधिकारी के अनुसार त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा व छाया गोली काफी सुरक्षित व असरदार हैं और महिलाओं को खूब भा भी रही है। यह दोनों साधन जिला महिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर नि:शुल्क उपलब्ध हैं। उन्होने बताया वित्तीय वर्ष 2019-20 के अनुसार जनपद में 4628 छाया गोली व 2128 अंतरा इंजेक्शन के डोज इस्तेमाल हुए। इसके बद 2020-21 में 8757 छाया गोली व 2848 अंतरा इंजेक्शन, 2021-22 में 16816 छाया गोली व 5370 अंतरा इंजेक्शन के डोज लगे। अंतरा में 119 और छाया गोली में 92 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।

छाया बनी सहेली :
सीएमएस डॉ.फौजिया अंजुम नोमानी ने बताया कि छाया हारमोन रहित एक गर्भनिरोधक गोली है। इसके उपयोग का कोई दुष्प्रभाव नहीं है। इसीलिए अन्य गर्भनिरोधक गोलियों की तरह उल्टी होना, वजन बढ़ना, सूजन, अधिक रक्तस्राव जैसी समस्याएं इसमें नहीं होती। बच्चों में अंतराल रखने के लिए यह गोली एक बेहतर विकल्प है। इसे स्तनपान कराने वाली व स्तनपान न कराने वाली सभी महिलाएं इस्तेमाल कर सकती हैं। लेकिन गोली खाने की शुरुआत से पहले डॉक्टर से जांच कराना आवश्यक है।

अंतरा है बेहद कारगर व सुरक्षित
अंतरा प्रत्येक तीन महीने पर इंजेक्शन द्वारा दिया जाता है, जो महिलाएं गर्भनिरोधक गोली नहीं खा सकतीं वह इसका इस्तेमाल कर सकती हैं। यह लंबी अवधि तक गर्भधारण से बचाता है तथा दो बच्चों के जन्म में अंतर रखने में सहायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *