जेल में बंदी की मौत पर परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप:हाईवे पर शव रखकर किया हंगामा

झाँसी- हत्या के मामले में जेल में निरुद्ध एक बन्दी की मौत हो गयी। परिजनों ने जेल में हत्या की आशंका जताते हुए जमकर हंगामा काटा। परिजनों ने झाँसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगाया और जेलर के खिलाफ कार्यवाही की माँग की।
अमरा निवासी मुलायम सिंह पुत्र लल्लू कुशवाहा हत्या के मामले में 22 फरवरी 2018 से जिला कारागार में निरुद्ध थे। आज सुबह मुलायम सिंह कुशवाहा की एकाएक तबीयत खराब हो गयी। उसे चक्कर आया और वह गिर पड़ा। उसे तत्काल जेल स्थित अस्पताल ले जाया गया। हालत गम्भीर देख उसे मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया। वहाँ दो घण्टे के बाद उसकी मौत हो गयी। मुलायम सिंह यादव की मौत के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम हाउस पहुँचे परिजनों ने वहाँ जमकर हंगामा किया। परिजन बाहर के चिकित्सकों से पोस्टमॉर्टम कराने की माँग कर रहे थे। बाद में तीन चिकित्सकों के पैनल ने मुलायम सिंह का पोस्टमॉर्टम कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन यहाँ से शव ले गये और अमरा के पास झाँसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रख कर जाम लगा दिया। थोड़ी ही देर में दोनों ओर वाहनों की लम्बी-लम्बी कतारें लग गयीं। सूचना पाकर मोंठ थाना प्रभारी निरीक्षक कामता प्रसाद मौके पर जा पहुँचे। उन्होंने जाम लगाये लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शन कर रहे लोग साजिशन जेल में हत्या का आरोप लगा रहे थे। परिजनों ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक राजीव शुक्ला के स्थानान्तरण व हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की माँग की। प्रभारी निरीक्षक के समझाने पर वह मान गये। जाम करीब दो घण्टे लगा रहा। इससे दोनों ओर वाहनों की लम्बी-लम्बी कतारें लग गयीं। जाम के कारण वाहन सवारों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रिपोर्ट: उदय नारायण कुशवाहा (झांसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।