छोटी गलतियों पर व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नही- डॉ. अरुण

बरेली। जीएसटी से जुड़े मामलों में व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छोटी-छोटी त्रुटियों को आधार बनाकर व्यापारियों को परेशान न किया जाए और करदाताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। यह निर्देश प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित राज्य कर विभाग एवं व्यापारी संगठनों के संवाद कार्यक्रम में अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी प्रदेश के राजस्व में सबसे बड़ा योगदान देते हैं, इसलिए उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता के संयोजन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न व्यापार मंडलों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जीएसटी व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं खुलकर उठाईं। व्यापारियों ने जीएसटी रिफंड में देरी, एआई के माध्यम से जारी होने वाले नोटिस, वाहनों की चेकिंग के दौरान दुर्व्यवहार, लिपिकीय त्रुटियों पर कार्रवाई और लंबित मामलों के निस्तारण जैसे मुद्दों पर विभाग के सामने अपनी नाराजगी रखी। राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार व्यापारी हितों के प्रति संवेदनशील हैं, लेकिन विभागीय स्तर की कुछ खामियों के कारण अधिकारियों और व्यापारियों के बीच अविश्वास की स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर हल होने वाली समस्याओं का समाधान विभाग तत्काल करे, जबकि नीतिगत मामलों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उद्यमी घनश्याम खंडेलवाल ने कहा कि अधिकारियों को अपने विवेक का प्रयोग करते हुए केवल गंभीर कर अपवंचना के मामलों में ही कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारियों को संदेह की दृष्टि से देखने की प्रवृत्ति बदलनी होगी। व्यापारी नेता अनिल अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी रिफंड की प्रक्रिया बेहद जटिल है। समय पर रिफंड नहीं मिलने से व्यापारियों की कार्यशील पूंजी प्रभावित होती है। सुरेंद्र रस्तोगी और सतीश अग्रवाल ने भी इस समस्या का समर्थन किया। राज्य कर विभाग की ओर से एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 आशीष निरंजन ने व्यापारियों की ओर से उठाए गए कई प्रश्नों के जवाब दिए, जबकि अपर आयुक्त ग्रेड-1 एल. सोनी ने कहा कि कई प्रक्रियाएं शासन स्तर पर निर्धारित हैं और विभाग उनका पालन करने के लिए बाध्य हैं। बैठक में सुदेश अग्रवाल, एसके सिंह, उन्मुक्त संभव शील, सतीश अग्रवाल, शेखर अग्रवाल, गुरप्रीत सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर केके गुप्ता, विजय कुमार गौड़, डिप्टी कमिश्नर प्रशासन सुभेश तिवारी, डीके सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर नित्यानंद तिवारी, योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *