ऑटो पर लगाए जाएंगे दुर्गा शक्ति ऐप के साढ़े 12 हजार पोस्टर

*महिला सुरक्षा को लेकर ऑटो रिक्शा चालकों के साथ बैठक का आयोजन*
*एएसपी मकसूद अहमद ने बैठक को किया संबोधित
*हर ऑटो पर होगा चालक का नाम व मोबाईल नम्बर

रोहतक/हरियाणा- रोहतक पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए अलग-अलग तरह के जागरूकता कार्यक्रम तथा कदम उठाए जा रहे है। इसी क्रम में आज रोहतक पुलिस द्वारा श्री नारायणी सेना चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से ऑटो रिक्शा चालकों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक रोहतक श्री मकसूद अहमद ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की है।
उन्होंने महिला सुरक्षा के विषय पर ऑटो रिक्शा चालकों को जागरूक करते हुए पुलिस को सहयोग करनी की अपील की है। बैठक में दुर्गा शक्ति ऐप के साढ़े 12 हजार पोस्टर लगाने जाने का फैसला लिया गया है। मुख्य अतिथि ने ऑटो पर पोस्टर लगा कर अभियान की शुरूआत की है। मुख्य अतिथि द्वारा पुलिस लाईन परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
सहायक पुलिस अधीक्षक रोहतक मकसूद अहमद ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा एक संवेदनशील विषय है। महिला सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करनी की बहुत आवश्यकता है। इसके लिए प्रशासन, सामाजिक संगठनों व समाज को मिलकर कार्य करना होगा। महिला सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा कई प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर दुर्गा शक्ति ऐप बनाई गई है। जिसके माध्यम से पुलिस को तुरंत घटना की सूचना तथा लोकेशन मिल जाती है तथा पुलिस तुरंत पीड़ित के पास पहुंच कर उसको सुरक्षा उपलब्ध कराती है। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है, जिसमें पुलिस, सामाजिक संगठन व ऑटो चालक मिलकर काम करेंगे।
मकसूद अहमद का कहना था कि ऑटो रिक्शा चालक दिन-रात शहर के सड़कों पर घूमते हैं। वे रोहतक पुलिस की आंख व कान बनकर अपराध की रोकथाम व अपराधियों को पकड़वाने में विशेष भूमिका अदा कर सकते हैं। खासकर रात्रि के समय ऑटो में सवार होने वाली महिलाओं को सुरक्षित सफर कराने व सुरक्षित स्थान तक पहंचाने में उनकी हर संभव सहायता करें। महिला के साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। रोहतक पुलिस महिला सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के तहत शहर की सड़कों पर दौड़ने वाले ऑटो पर दुर्गा शक्ति ऐप के पोस्ट लगाए जाएंगे। पहले चरण में साढ़े 12 हजार पोस्ट लगाए जाएंगे। अभियान की शुरूआत मुख्य अतिथि मकसूद अहमद ने ऑटो पर पोस्ट लगाकर की है। ऑटो चालक भी महिलाओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
एएसपी ने बताया कि सभी ऑटो रिक्शा पर ऑटो का नम्बर, चालक का नाम व मोबाईल नम्बर लिखा जाएगा। ऑटो रिक्शा चालक स्वयं महिलाओं की सुरक्षा के लिए उत्तरदाई होगा। बुजुर्ग और महिलाओं के लिए सीट का इंतजाम करेंगे ताकि उनको सहज महसूस हो। महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऑटो यूनियन द्वारा हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में श्री नारायणी सेना चैरीटेबल ट्रस्ट से सोमबीर शर्मा, मंदीप राठी, सड़क सुरक्षा संगठन से सुभाष गुप्ता, हैप्पी जांगड़ा, सशक्त महिला परिषद की जिलाध्यक्ष सुमिता भाटिया, रमेश कुमार व अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व ऑटो रिक्शा चालक मौजूद थे।

– हर्षित सैनी रोहतक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।