आंवला, बरेली। जनपद के आंवला नगर मे स्वगणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रशासन अधिकारी लोगों के पास तक पहुंचे और उनकी स्वगणना कराई। अभियान में लगाये गए प्रगणकों तथा सुपरवाइजरों को प्रोत्साहित करने के लिए एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका प्रदीप गिरि टीम के साथ नगर में कई स्थानों पर गए और लोगों की स्वगणना दर्ज कराई। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें। उन्होंने कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, चेयरमैन सय्यद आबिद अली, इतिहासकार प्रोफेसर गिरिराज नंदन गुप्ता सहित कई लोगों के आवास और प्रतिष्ठान पर पहुंचकर उनकी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करवाई। उन्होनें बताया कि नगर में 25 सुपरवाइजर और 100 प्रगणकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है जो घर-घर जाकर इस अभियान को गति दे रहे हैं। लोग मोबाइल पर घर बैठे ऑनलाइन अपनी स्वगणना कर सकते है। ब्लॉक प्रमुख ने किया स्वगणना का शुभारंभ : बहेड़ी। केसर इंटर कॉलेज में दमखोदा ब्लॉक प्रमुख स्नेहलता गंगवार ने डिजिटल स्क्रीन पर स्वगणना करके विद्यालय में स्वजनगणना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख स्नेहलता गंगवार ने कहा कि देश की प्रगति के लिए जनगणना नितांत आवश्यक है। उन्होंने एक पेड़ जनगणना के नाम कार्यक्रम के तहत विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया। उ कार्यक्रम का संचालन इको क्लब सचिव इंद्रजीत सिंह ने किया। कार्यक्रम में पूर्व नगर अध्यक्ष सुनील रस्तोगी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र गंगवार, आनंद गौतम उपस्थित रहे। ब्लॉक प्रमुख ने पोर्टल पर दर्ज की स्वगणना : शेरगढ़। ब्लॉक परिसर में सोमवार को जनगणना 2027 के तहत स्वगणना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र कुर्मी ने ऑनलाइन माध्यम से पोर्टल पर अपनी स्वगणना का फार्म दर्ज किया। कार्यक्रम में मौजूद सहायक विकास अधिकारी पंचायत राजीव शर्मा ने मौजूद लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक लोग स्वयं पोर्टल पर जाकर स्वगणना फार्म भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।।
बरेली से कपिल यादव
