बरेली- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब द्वारा संपूर्ण प्रदेश में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 28 फरवरी को मनाया जा रहा है जिसके अंतर्गत विज्ञान मॉडल प्रतियोगिताएं और वैज्ञानिक व्याख्यान प्रोजेक्ट प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। चयनित प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा ।राष्ट्रीय पुरस्कृत विज्ञान संचारक समन्वयक डॉ रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि महान वैज्ञानिक नोबेल पुरस्कार से सम्मानित सर सी वी रमन एशियाई मूल के पहले नोबेल पुरस्कार विजेता थे । रमन प्रभाव की खोज 28 फरवरी को पूर्ण हुई जिसके लिए नोबेल पुरस्कार दिया गया। रमन प्रभाव का उपयोग पदार्थ के अणु और परमाणु की संरचना ज्ञात करने में किया जाता है ।इस प्रभाव का उपयोग रसायन विज्ञान में और भौतिक विज्ञान में किया गया जिससे उद्योगों को गति मिली। उनके इस सम्मान में भारत सरकार ने 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाने का संकल्प लिया। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51कज में कहा गया है कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण मानववाद और ज्ञानार्जन तथा सुधार की भावना का विकास करें जनपद के उत्कृष्ट बाल वैज्ञानिकों को इस अवसर पर खोज और शोध के प्रतिभा विकसित करने हेतु सम्मानित किया जाएगा । प्रदेश में पहली बार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के द्वारा जनपद ,मंडल और राज्य स्तर पर मॉडल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जनपद बरेली के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंस्पायर अवार्ड, एनसीईआरटी, एनसीएससी, सीएसटी यूपी ,विज्ञान प्रदर्शनी में जनपद का नाम रोशन किया है ।इको क्लब प्रभारी प्रवीण कुमार शर्मा, कार्यक्रम समन्वयक फरहान अहमद, सह समन्वयक अंबरीश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों के योगदान की सराहना की और बधाई दी।
– बरेली से प्रवीण शर्मा
