एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल मे शामिल हुए सपा के जिलाध्यक्ष, बोले सपा के ड्रीम प्रोजेक्ट को बर्बाद होते नहीं देख सकते

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। बीते दिनों से पूरे प्रदेश मे एंबुलेंस कर्मचारी संघ की हड़ताल चल रही है। जिसकी वजह से मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल के चलते मंगलवार की सुबह शहर में करंट लगने के बाद एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर एक युवक की जान भी चली गई। अब एंबुलेंस चालकों की हड़ताल में पॉलिटिकल रूप आ गया है। उनकी हड़ताल में सपा के जिलाध्यक्ष अगम मौर्य शामिल हुए है। उन्होंने भी एंबुलेंस चालकों का समर्थन किया है। फतेहगंज पश्चिमी स्थित रबड़ फैक्ट्री मैदान में एंबुलेंस चालकों की हड़ताल में शामिल होने गए सपा के जिलाध्यक्ष अगम मौर्य ने कहा कि यह सपा का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट को वह बरवाद होते नहीं देख सकते। उन्होंने चालकों का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें जिस भी तरह के समर्थन की जरूरत हो वह तुरंत बताए सपा उनके साथ सभी तरह के समर्थन के लिए तैयार है। एंबुलेंस चालकों और सपा के जिलाध्यक्ष का आरोप है कि सरकार ने अब एंबुलेंस का टेंडर एक ब्लैक लिस्ट कंपनी को दे दिया है। जिगितजा नाम की कंपनी को पहले ही ब्लैक लिस्ट किया जा चुका है तो अब इस कंपनी को एएलएस का टेंडर क्यों दिया गया। अभी तक एंबुलेंस का टेंडर जीवीके कंपनी के पास था। जैसे ही यह टेंडर जिगितजा कंपनी के पास आया तो उसने पूरे प्रदेश से करीब 1200 कर्मचारियों को निकाल दिया। इसमें बरेली के भी करीब आठ कर्मचारी शामिल हैं। जीवनदाहिनी एंबुलेंस यूनियन संघ के जिला अध्यक्ष का कहना है कि उनकी मांग सिर्फ यह है कि सरकार चाहें किसी भी कंपनी को टेंडर दे। मगर वह कंपनी पहले से कार्यरत कर्मचारियों को न हटाए। भले ही वेतन बढ़ाकर न दें। मगर जिस वेतन पर कर्मचारी पहले काम कर रहे थे उसी वेतन पर नई कंपनी भी काम करने दें। वरना इस तरह से कर्मचारियों का भविष्य बर्बाद हो जाएगा। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव सत्येंद्र यादव, नूतन शर्मा, बृजेश श्रीवास्तव, गजेंद्र कुर्मी, मुकेश यादव, कमल साहू, सत्येंद्र श्रीवास्तव, फहीम हैदर, मोहित भारद्वाज, जितेंद्र श्रीवास्तव, गिरिराज किशोर पाल आदि लोग मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।