बरेली। एक माह रोजे रखने के बाद सोमवार को मस्जिदों मे अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की गई। शहर की बाकरगंज ईदगाह में मुख्य नमाज अदा हुई। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। मस्जिदों और ईदगाह में इमामों ने देश की तरक्की और खुशहाली के साथ फलस्तीन के मुसलमानों के लिए भी दुआ की। रविवार शाम ईद का चांद दिखने के बाद सोमवार को होने वाली ईद को लेकर लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। ईद के दिन सोमवार को बच्चे और बड़े नए कपड़े पहनकर मस्जिदों और ईदगाह में नमाज पढ़ने पहुंचे। एक दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी। शहर में मुख्य नमाज बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 10:30 बजे काजी ए हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रजा कादरी (असजद मियां) ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद खुतबा पढ़ा। इस मौके पर जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने भी सबको गले मिलकर मुबारकबाद दी। ईदगाह कमेटी के खलील अहमद, महताब मियां, अशरफ अली, इरशाद अहमद, साहिल रजा आदि ने व्यवस्था संभाली। वही खानकाहे नियाजिया मे ईद-उल-फितर की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। सज्जादानशीन मेहंदी मियां ने नमाज की इमामत की। उन्होंने नमाजियों को ईद की मुबारकबाद दी। खानकाही रवायत के मुताबिक अमन और भाईचारे का पैगाम दिया गया। ईद की नमाज पढ़कर लोग कब्रिस्तान पहुंचे और अपने पूर्वजों को याद किया। कब्रिस्तान में पूर्वजों के लिए फातिहा पढ़कर ईसाले सवाब किया। इसके बाद घरों में दावतों का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने एक दूसरे को उनके घरों पर जाकर ईद की बधाई दी। घर-घर लजीज पकवान तैयार किए गए। वही सबसे पहले बाजार संदल खान स्थित दरगाह वली मियां में नमाज अदा की गई। इसके बाद दरगाह ताजुश्शरिया, दरगाह शाह शराफत मियां, दरगाह बशीर मियां, खानकाह-ए-वामिकिया, खानकाह-ए-नियाजिया, दरगाह शाहदाना वली, दरगाह रफीक-उल-औलिया, जामा मस्जिद, दरगाह नासिर मियां (नौमहला मस्जिद), मस्जिद बीबीजी, पीराशाह मस्जिद, हबिबिया मस्जिद, नूरानी मस्जिद, कचहरी वाली मस्जिद में भी ईद की नमाज अदा हुई। दरगाह के नासिर कुरैशी ने बताया कि सबसे आखिर में पूर्वाह्न 11 बजे दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में मुफ्ती जहीम रजा ने नमाज अदा कराई और अल्लामा तौसीफ मियां ने खुसूसी दुआ की। दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां के अलावा मौलाना तौकीर रजा खां समेत खानदान के तमाम लोगों ने नमाज अदा की।।
बरेली से कपिल यादव