आस्था की डुबकी लगाने को उमड़े श्रद्धालु, घाटों मे स्नान के लिए दिनभर लगा रहा तांता

बरेली देहात। मीरगंज मे कार्तिक पूर्णिमा पर गोरालोकनाथपुर, कैलाश गिरि मढ़ी घाट, भोलापुर मे लाखों श्रद्धालुओं ने रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाई। रात के तीन बजे से श्रद्धालुओं का मेला में आने का सिलसिला शुरू हुआ। दिनभर श्रद्धालुओं का रेला मेला की ओर बढ़ता रहा। पुलिस की चौकस व्यवस्था से कहीं अप्रिय घटना नहीं हुई। श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे का उद्घोष कर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान कर श्रद्धालुओं ने रामगंगा में दूध, प्रसाद, फल, कपड़े आदि अर्पित किए। खिचड़ी दान की। महिलाओं ने बच्चों का मुंडन कराया। मेला कमेटी ने घाटों पर स्नान करने वाले एरिया में बैरीकेटिंग की थी। गोताखोर नदी किनारे से श्रद्धालुओं की निगरानी करते रहे। गोताखोरों को श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने का कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मेला में खोए बच्चों को मेला कमेटी ने उनके परिजनों से मिलाया। युवा नेता विशाल गंगवार ने मेले में मेडिकल कैंप लगाकर श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं। वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण गंगवार, सपा नेत्री डॉ. पूनम गंगवार और मनोहर सिंह पटेल व सुरेश गंगवार ने चाय के स्टॉल लगाए। श्रद्धालुओं ने हवन पूजन किया और प्रसाद चढ़ाया : शिवपुरी मे कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को कैलाश गिरि घाट पर दूर-दूर से तमाम गांवों के श्रृद्धालुओं ने रामगंगा में स्नान किया। सुबह से ही डनलप, ट्रैक्टर ट्राली, ई रिक्शा, बाइक, टैंपो आदि वाहनों से लोग घाट पर पहुंच रहे थे। रामगंगा में स्नान करके हवन पूजन और प्रसाद चढ़ाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। शंख, घंटा, मजीरा, ढोलक से घाट गूंजायमान हो रहा था। कैलाश गिरि आश्रम के मंदिरों में लाइन में लगकर लोग प्रसाद चढ़ा रहे थे। घाट पर विशाल मेला लगा था। इसमें झूला, खिलौना, चाट, पकौड़ी, जलेबी आदि की दुकानें एक दिन पहले ही लग चुकी थी। देवहा में चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस : क्योलड़िया मे बहिर जागीर स्थित देवहा नदी के तट पर लगने वाले पारंपरिक मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बरेली और पीलीभीत जनपदों की सीमा से जुड़े होने के कारण क्योलड़िया थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल वहीं, पीलीभीत जनपद के थाना बरखेड़ा की पुलिस ने भी दूसरी ओर मोर्चा संभाले रखा। वही सिरौली क्षेत्र के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। घाटों पर हर-हर गंगे के जयकारे गूंजते रहे। महिलाओं ने दीपदान किया और गंगा मैया को पुष्प अर्पित किए। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर दान-पुण्य भी किया। गरीबों को भोजन, वस्त्र और अन्न दान किया गया। भमोरा : फिरोजपुर स्थित मुढ़किया घाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। थाना अध्यक्ष भमोरा केपी सिंह ने बताया कि पूर्णिमा मेले को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मेले में लोगों ने खरीदारी की। फतेहगंज पश्चिमी : भोलापुर शंखापुर गंगा घाट पर सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन किया। परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के नेतृत्व मे पुलिसकर्मी लगातार घाट और मेले में गश्त करते रहे। मेले के दौरान ट्यूलिया गांव निवासी वीरेंद्र की आठ वर्षीय पुत्री काव्या परिजनों से बिछड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल खोजकर उसकी मां उमा देवी के सुपुर्द कर दिया। सीओ हाईवे देवेश सिंह, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, चौकी प्रभारी आदेश कुमार, कानूनगो बृजकिशोर, लेखपाल सुधा शर्मा, नवरत्न कुमार, प्रधान पति महावीर दिवाकर और कपिल गंगवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। समाजसेवी जगदीश गंगवार ने भंडारा कराया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख भद्रसेन गंगवार ने श्रद्धालुओं को चाय वितरित की। मेले मे खोए बच्चे को पुलिस ने परिजनों से मिलाया। शेरगढ़ : पनबड़िया गांव स्थित श्री राम मेढ़ा मेला में मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने श्री राम मेढ़ा मंदिर में प्रसाद चढाया। किच्छा नदी घाट पर स्नान किया। पूजा-अर्चना कर गंगा मैया से आशीर्वाद मांगा। मेले में जमकर खरीदारी गई। बच्चों ने झूले का आनंद लिया। यहां बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए गए। यह मेला मटकी के लिए प्रसिद्ध है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गुलड़िया : रौतापुर स्थित रामगंगा घाट पर मंगलवार को श्रद्धालुओं की भीड़ रही। हालांकि, घाट पर नदी में स्नान की अनुमति नहीं मिलने के कारण श्रद्धालुओं को पंपसेट के माध्यम से पानी उपलब्ध कराकर स्नान कराया गया। इस व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी देखने को मिली। बताया गया श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रामगंगा नदी में उतरकर स्नान करने पर रोक लगा रखी है। घाट पर तैनात पुलिसकर्मियों के अनुसार, पिछली पूर्णिमा के दौरान नदी में स्नान करते समय एक व्यक्ति डूब गया था। इस घटना को देखते हुए इस बार सुरक्षा के लिहाज से नदी में उतरने की अनुमति नहीं दी गई। वहां पर पंपसेट से पानी की व्यवस्था कराई गई है। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि रौतापुर घाट काफी गहरा है, जिसके चलते सुरक्षा की दृष्टि से नदी में स्नान पर रोक लगाई गई है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और तहसील प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी घाट पर तैनात किए गए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *