बरेली। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने कहा कि सेना मे अग्निपथ योजना के अन्तर्गत देश के नवयुवकों को कम से कम चार वर्ष तक सेना में सेवा करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना इस उद्देश्य से लागू की जा रही है कि देश के हर नौजवान को फौज में सेवा करने का मौका मिले जिससे वह एक बेहतर नागरिक बन सके। शुक्रवार को जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट कार्यालय में सेना में अग्निपथ योजना (अग्निवीर भर्ती) के अंतर्गत पूर्व सैनिकों के साथ बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने कहा कि अग्निपथ योजना के अन्तर्गत सेना में चार वर्ष की सेवा अवधि के उपरांत योग्यता के अनुसार 25 प्रतिशत जवानों को स्थाई रूप से फौज में नियुक्ति दी जाएगी तथा अन्य 75 प्रतिशत जवानों को 12 लाख रुपए एवं अग्निवीर कौशल प्रमाण पत्र देकर सेवा मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो जवान फौज मे चार वर्ष की सेवा करने के उपरांत योग्यता के आधार पर सीएफएफ, सीआरपीएफ, आरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, सिविल सहित अन्य विभागों में नौकरियों के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने भूतपूर्व सैनिकों के साथ चर्चा करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा अग्निपथ योजना लागू की गई है। जिसके अन्तर्गत फौज में नई भर्तियां होंगी। उन्होंने बताया कि फौज में भर्तियां पहले से इस वर्ष चार गुनी की जा रही है। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों से कहा कि फौज के जवान देशभक्त के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी लोग जनपद के नौजवानों को सही सलाह दे। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. आर.डी. पांडे, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राघवेंद्र सिंह राघव सहित भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
