भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा मे होली और जुमे की नमाज एक साथ पड़ने के कारण प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को भोजीपुरा थाने में दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि होली और ईद के त्योहार एक साथ हैं। उन्होंने दोनों समुदायों से साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। डीएम ने स्पष्ट किया कि विवाद की स्थिति मे तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी अनुराग आर्य ने बुद्धिजीवी वर्ग से खुराफातियों पर नजर रखने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी गड़बड़ी की सूचना सीधे पुलिस को दें और खुद विवाद में न पड़े। बैठक के बाद डीएम और एसएसपी के नेतृत्व में नगर पंचायत धौंराटांडा में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान एसपी उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्रा, सीओ हाईवे नीलेश कुमार मिश्रा, एडीएम प्रशासन और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कस्बे के प्रमुख नागरिकों में डॉ. फारूख उल हसन नियाजी, राजेंद्र मिश्रा और ब्रिजेश गुप्ता सहित दोनों समुदायों के गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।।
बरेली से कपिल यादव