सिरौली, बरेली। जनपद के थाना सिरौली क्षेत्र में अलीगंज मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार मे कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की रफ्तार तेज थी। परिजनों की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सिरौली कस्बे के मुरावटोला निवासी संतोष माली फूलों से मालाएं बनाकर बेचते हैं। शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे उनका तीन साल का बेटा राज अंसारी चौक पर एक दुकान पर टॉफी लेने जा रहा था। चौक के नजदीक सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मासूम को चपेट मे ले लिया। पहिये के नीचे आने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन भी पहुंच गए। वह लोग हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर घायल राज को उपचार के लिए बरेली भिजवाया। जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। संतोष माली के चार बच्चे हैं। इनमें राज तीसरे नंबर का था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मामले में इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी ट्रैक्टर चालक मोहल्ला प्यास का रहने वाला है। अभी उसका नाम मुकदमे में शामिल नही किया गया है।।
बरेली से कपिल यादव