मीरगंज, बरेली। प्रशासन ने बुधवार को श्रीराम वैंकट हॉल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें सर्वधर्म समभाव की मिसाल देखने को मिली। कार्यक्रम में 101 जोड़े शादी के बंधन में बंधे। इनमें 25 जोड़े मुस्लिम हैं। पं.आशीष शर्मा के मंत्रोचार पर 76 जोड़े अग्नि के सात फेरे लेकर शादी के बंधन में बंधे। मुस्लिम समाज के 25 जोड़ों को मौलाना सिराज एवं शाहरूख ने निकाह पढ़ाया। विधायक डॉ. डीसी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, नगर पंचायत चेयरमैन योगेंद्र कुमार गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण, एसडीएम निधि शुक्ला आदि ने नव दंपति को आशीर्वाद, दहेज का सामान आदि भेंट किया। फरीदपुर में 96 और भुता में 74 शादियां कराई गई : फरीदपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत फरीदपुर में 96 एवं भुता ब्लॉक में 74 जोड़ों का विवाह कराया गया। भुता ब्लॉक में ऑनलाइन त्रुटि होने की वजह से तीन जोड़ों को वापस लौटना पड़ा। रजिस्ट्रेशन के बाद 18 जोड़े शादी के लिए नहीं पहुंचे। फरीदपुर के सत्संग भवन बारात घर में हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के आयोजन का शुभारंभ एमएलसी कुंवर महाराज सिंह एवं आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने किया। भुता ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख जगमोहन सिंह ने समारोह का शुभारंभ किया। भुता में 95 जोड़ों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन 18 जोड़े नहीं पहुंचे। क्योलड़िया में 90 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ : क्योलड़िया। भदपुरा ब्लॉक के क्योंलडिया स्थित राधा रानी रिसोर्ट में समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में कुल 90 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। 69 हिंदू और 21 मुस्लिम जोड़ों के निकाह पढ़े गए। समारोह में मुख्य अतिथि विधायक डॉक्टर एमपी आर्य और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि शंकर गंगवार ने नवदंपतियों पर फूल बरसाकर और उन्हें गृहस्थी का सामान उपहार में दिया।।
— बरेली से कपिल यादव
