बरेली। सपा में मचा घमासान गुरुवार को खत्म हो गया। पार्टी हाईकमान के आदेश के बाद समाजवादी पार्टी के मेयर पद के प्रत्याशी संजीव सक्सेना ने गुरुवार को नामांकन पर्चा वापस ले लिया। यह फैसला उन्होंने पार्टी हित को देखते हुए हाईकमान के आदेश पर लिया है जबकि वह बुधवार को कह रहे थे कि वह हर हाल में चुनाव लड़ेंगे। करीब पौने दो बजे सपा प्रत्याशी संजीव कुमार सक्सेना ने नामांकन स्थल कलेक्ट्रेट में आकर अपना नाम स्वेच्छा से वापस ले लिया। उनके साथ समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव हैदर अली समेत अन्य सपा के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर नाम वापस लेने पर संजीव सक्सेना ने खुद को पार्टी का सच्चा सिपाही बताया। साथ ही कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर वह निर्दलीय प्रत्याशी डॉ आईएस तोमर का चुनाव लड़ाएंगे। संजीव सक्सेना के बेटे निर्दलीय सागर सक्सेना ने भी अपना पर्चा वापस ले लिया। वही सपा के नामित उम्मीदवार संजीव सक्सेना के नामांकन पत्र वापस लेने पर अब सारी अटकले दूर हो गई हैं। सपा की लॉबी अब निर्दलीय प्रत्याशी डॅा आईएस तोमर को चुनाव लड़ाएगी। जिसको लेकर सपा के पदाधिकारियों ने स्टेशन रोड स्थित एक निजी होटल में प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान सपा के जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने बताया कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह से डॉ तोमर को चुनाव लड़ा रही है। अब सपा के उम्मीदवार डॅा तोमर को ही चुनाव लड़ाया जाएगा स्थिति साफ हो गई है। किन्ही कारणों से उन्हें सिंबल नही मिल पाया था। सपा ने उस दौरान संजीव सक्सेना को मैदान में उतारा था। हालात सुधरते ही डॅाक्टर तोमर को मैदान में उतारा गया है। इस दौरान डॉक्टर तोमर ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी उमेश गौतम ने जो बयान दिया वह निराधार है। पहले वह कहते फिरते थे कि 70 साल से शहर में कोई विकास कार्य नही हुआ। फिर वह 17 महीने पर आ गए। वह बताना चाहते हैं कि उन दिनों उनका कार्यकाल था। संजय नगर की सड़क उनकी देन थी। वहां कच्ची सड़क के स्थान पर पक्की सड़क डाल कर रोड से जोड़ा गया। सौ फुटा रोड पर सड़क भी उन्हीं की देन थी। अब वह मैदान में उतरे है। उनकी प्राथमिकता रहेगी कि वह सबसे पहले वह सॉलिड बेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की शुरूआत करेंगे। पूरे भारत मे सबसे बड़ी समस्या कूड़े की है। उसका निस्तारण किया जाएगा। जनता शहर के विकास के लिए नेता को चुनती है। वह उनका सेवक है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव वीरपाल सिंह यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व नेता उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
