बरेली। रामपुर रोड पर सत्यप्रकाश पार्क के पास दो दिन पहले टूटी सड़क की वजह से हादसा हुआ था। मंगलवार रात सड़क के गड्ढे भरने को काम शुरू कराया गया तो अचानक किला पुल पर ट्रैफिक भी रोक दिया गया। इसकी वजह से पहले तो जाम के हालात बने और उसके बाद रात भर वाहन चालक परेशान होते रहे। रात में किला पुल पर आवागमन बंद किए जाने का पहले से सम्बंधित एजेंसी व ट्रैफिक पुलिस की ओर से प्रचार-प्रसार नहीं किया गया था। वगैर सूचना ट्रैफिक रोक जाने से वाहन वहां पहुंचते रहे और जाम का पेंच फंस गया। गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। जाम का असर आसपास के रास्तों पर भी दिखाई देने लगा। जाम से वचने को वाहन चालकों ने सर्विस लेन का सहारा लिया, तो वहां भी वाहनों का दवाव वढ़ गया। इससे सर्विस लेन पर भी यातायात धीमा हो गया और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। कई वाहन चालक रास्ता बदलकर निकलने की कोशिश करते नजर आए। रात में यातायात का दवाव कम होने के वावजूद स्थिति सामान्य होने में समय लगा। ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त: चौपुला पुल पर बस खराब होने से लगा जाम, पुलिस के हाथ-पांव फूले : बरेली। चौपुला पुल पर मंगलवार शाम करीब छह बजे बस खराब होने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाइक सवारों का निकलना भी मुश्किल हो गया। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस भी बेबस नजर आई। रात करीब आठ बजे के बाद यातायात कुछ सामान्य हो सका। बस खराब होने के बाद पुल पर फंसे वाहन चालकों की परेशानी, उस समय और बढ़ गई, जब पीछे से आने वाली एक कार और लोडेड टेंपो भी रास्ते में खराब हो गए। इससे पुल पर वाहनों की आवाजाही और धीमी हो गई। दोनों ओर वाहनों की कतार लगने के कारण लोग काफी देर तक एक ही जगह खड़े रहे। जाम बढ़ता देख और बाइक सवार गलियों और आसपास के रास्तों से निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन वहां भी वाहनों की भीड़ मिलने से उन्हें जाम का सामना करना पड़ा। ऑटो में बैठी सवारियां भी काफी देर तक जाम खुलने का इंतजार करती रहीं, लेकिन जब ज्यादा देर हो गई तो कई लोगों ने परेशान होकर ऑटो और ई-रिक्शा से उतरकर पैदल ही पुल पार करना शुरू कर दिया। कुछ लोग अपना सामान लेकर पैदल आगे बढ़ते दिखाई दिए। उधर, मूर्ति विसर्जन को लेकर रामगंगा पुल पर भी दिन में कई बार जाम लगा। विसर्जन के लिए जाने और लौटने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने से पुल पर जाम की स्थिति बनती रही। रात आठ बजे के बाद खराब वाहनों को हटाने और पुलिस की मशक्कत के बाद ट्रैफिक धीरे-धीरे चलना शुरू हुआ। इसके बाद भी वाहन रेंगते हुए निकलते रहे। कई घंटे लोग जाम में फंसे रहे।।
बरेली से कपिल यादव
