स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश : सुशील कुमार यादव
राजस्थान/बाड़मेर- पंचायती राज आम चुनावों के तहत जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील मतदान केन्द्रों एवं आदर्श मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने पाटोदी, गोपड़ी, रिछोली, नवोडा बेरा, बड़नावा जागीर, बागावास, पचपदरा, सांभरा, आकड़ली एवं बागुंडी स्थित संवेदनशील मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।
इसी क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने सिवाना एवं बालोतरा पंचायत समितियों के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत समिति सिवाना के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोतीसरा में मतदान केन्द्र के चार बूथों तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महिलावास में पांच बूथों का निरीक्षण किया।
उन्होंने रामदान हुंडिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोकलसर स्थित आदर्श मतदान केन्द्र के तीन बूथों, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मवड़ी स्थित आदर्श मतदान केन्द्र के तीन बूथों तथा सिंघवी अमरचंद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मूठली स्थित आदर्श मतदान केन्द्र के तीन बूथों का भी निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त पंचायत समिति बालोतरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मांजीवाला स्थित आदर्श मतदान केन्द्र के तीन बूथों पर पहुंचकर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, बूथों की स्थिति तथा मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन से संबंधित तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कार्मिकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उन्होनेे निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिये।
जिला निर्वाचन अधिकारी यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए। मतदान केन्द्रों पर तैनात कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता के साथ करें तथा मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं होने दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करते हुए मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाएं। इस दौरान रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी साथ रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
