संजय हत्याकांड : पुरानी रंजिश में हुई हत्या जाम लगाने की कोशिश

बरेली। करीब तीन महीने पहले शाहजहांपुर में हुई शादी में आरोपियों का संजय के दोस्त से झगड़ा हुआ था, जिसमें उन्होंने बीचबचाव कर दिया। इससे पहले भी आरोपियों से एक बार उनका झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। संजय की मौत से उनके परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है। घटना से आक्रोशित परिजन ने दो बार पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा कर जाम लगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने समझाकर शांत कर दिया। संजय की बहन साक्षी ने बताया कि करीब तीन महीने पहले सुभाषनगर के राघव की शाहजहांपुर मे बारात गई थी। वहां उनके भाई संजय के दोस्त अक्षय का आरोपियों से झगड़ा हो गया, जिसमें उन्होंने बीचबचाव कर दिया। इंस्पेक्टर सुभाषनगर सतीश कुमार नैन ने बताया कि इससे पूर्व करीब छह महीने पहले आशीष गुर्जर व विकास श्रीवास्तव से भी उनका झगड़ा हुआ था लेकिन इसमें समझौता होने के बावजूद आरोपी रंजिश मानकर बैठे थे। मगर संजय के नोएडा जाकर टैक्सी चलाने के कारण उन्हें रंजिश पूरी करने का मौका नहीं मिला। साक्षी ने बताया कि संजय सुभाषनगर में ही घर बनाना चाहता था और तीन महीने पहले करगैना में जमीन भी देखी थी। उसी जमीन की बात करने के लिए दो दिन पहले संजय उनके घर आया था। बुधवार रात वह अपने दोस्त मोनू मैसी के साथ रामलीला देखकर लौट रहा था तो आरोपियों ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर चलाने की मांग : संजय के परिवार में पत्नी रोशनी और दो बच्चे तन्मय व अनन्या हैं। संजय की मौत के बाद सभी गहरे सदमे में हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर संजय के परिवार वालों ने रोते-बिलखते हुए सभी आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। उन लोगों ने हंगामा करते हुए दो बार जाम लगाने की भी कोशिश की लेकिन इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन ने उन्हें समझाकर शांत कर दिया। पूरे शरीर पर मिली चोटें, हेड इंजरी से मौत : पोस्टमार्टम में संजय के माथे पर भौं के पास गहरी चोट मिली है। सिर में भी पीछे की ओर दो चोटें मिली हैं, जिनकी वजह से उनकी मौत हुई। इसके अलावा पेट में चोट होने के कारण उनका लिवर भी फट गया था। शरीर पर कान के अलावा कुछ अन्य चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि उन पर एकसाथ कई व्यक्तियों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। संजय के पास बताए 50 हजार रुपये और चेन : साक्षी के वारदात के वक्त संजय के पास 50 हजार रुपये और सोने की चेन भी बताई, जो अब नहीं मिल रही है। हालांकि पुलिस इस बारे में इनकार कर रही है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही हैं। सभी अपने घरों से फरार हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया है। शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *