संगीत प्रतियोगिता में यथार्थ और योगित मौर्य का शानदार प्रदर्शन

* दो दिवसीय प्रतियोगिता में दोनों भाइयों ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर बढ़ाया राणा म्यूजिक अकादमी का गौरव

बरेली – उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ द्वारा आयोजित दो दिवसीय संगीत प्रतियोगिता में राणा म्यूजिक अकादमी बरेली के प्रतिभावान बाल कलाकारों यथार्थ मौर्य और योगित मौर्य ने अपनी उत्कृष्ट गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर अकादमी,और अपने शहर बरेली का गौरव बढ़ाया है।
दिनांक 26 नवंबर 2026 को आयोजित शास्त्रीय संगीत की राग गायन प्रतियोगिता में यथार्थ मौर्य ने प्रथम स्थान तथा योगित मौर्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं दिनांक 27 नवंबर 2026 को आयोजित सुगम संगीत की भजन प्रतियोगिता में योगित मौर्य ने प्रथम स्थान तथा यथार्थ मौर्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रकार लगातार दो दिनों तक आयोजित दोनों प्रतियोगिताओं में इन दोनों भाइयों ने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी संगीत प्रतिभा, साधना और निरंतर अभ्यास का उत्कृष्ट परिचय दिया। दोनों कलाकारों ने अपनी इस सफलता का श्रेय भगवत् कृपा, अपने गुरु दीपक राणा के आशीर्वाद, माता-पिता के सहयोग तथा निरंतर संगीत साधना को दिया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ द्वारा संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा शास्त्रीय एवं सुगम संगीत के प्रति नई पीढ़ी में रुचि और संस्कार विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजक संस्था की सुव्यवस्थित व्यवस्था, प्रतिभागियों को उपलब्ध कराया गया मंच तथा संगीत के प्रति समर्पित आयोजन भावना सराहनीय रही। वहीं प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल ने भी अपनी महत्वपूर्ण एवं निष्पक्ष भूमिका निभाई। प्रतिभागियों की गायन शैली, सुर, ताल, लय, प्रस्तुति एवं संगीत की बारीकियों का सूक्ष्मता से मूल्यांकन करते हुए निर्णय प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल की निष्पक्षता, विशेषज्ञता और संगीत के प्रति गंभीर दृष्टिकोण ने प्रतियोगिता की गरिमा को और बढ़ाया।
राणा म्यूजिक अकादमी के इन दोनों बाल कलाकारों की उपलब्धि पर अकादमी के गुरुजनों, परिवारजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। दोनों कलाकारों की इस उपलब्धि को संगीत के क्षेत्र में उनकी निरंतर साधना की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि यथार्थ मौर्य और योगित मौर्य दोनों ही राणा म्यूजिक अकादमी के विद्यार्थी हैं और संगीत गुरु दीपक राणा के दिशा निर्देशन में संगीत के क्षेत्र में निरंतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *