बरेली। लघु उद्योग भारती बरेली इकाई ने शनिवार को विश्वकर्मा श्रमिक सम्मान समारोह का स्टेशन रोड स्थित एक होटल मे आयोजन किया। सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि भारत की बड़ी जनसंख्या के कारण श्रम-प्रधान उद्योग हमेशा स्वचालन से अधिक रोजगार देंगे। विकास की गति भले धीमी हो, लेकिन यह स्थायी और दीर्घकालिक होगी। उन्होंने लघु उद्योगों के बीच आपसी सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने श्रमिकों को उद्योग की रीढ़ की हड्डी बताया। उन्होंने कहा कि हर उद्योग की आत्मा और हृदय श्रमिक ही होते है। विधायक ने श्रमिकों के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी भी दी। अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि विश्वकर्मा श्रमिक सप्ताह के तहत ईएसआई अस्पताल सीबीगंज में एक मेडिकल कैंप भी लगाया गया, जिसमें 400 श्रमिकों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शनिवार को समारोह के दौरान दो श्रमिकों को लघु उद्योग भारती द्वारा सम्मान प्रमाण पत्र दिया गया। कार्यक्रम में स्वदेशी विचारधारा और मेक इन इंडिया अभियान को भी प्रोत्साहित किया गया। जिससे देश में आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा मिले। संस्था के मंडल अध्यक्ष उन्मुक्त संभव शील ने लघु उद्योग भारती के विषय में सभी को जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन महासचिव विशाल अरोड़ा ने किया। एसके सिंह ने सभी श्रमिकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सतीश अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, निशांत अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, मानस बंसल, शरद अग्रवाल, माधव खंडेलवाल, उमेश धीरवानी राकेश धीरवानी सौरभ गर्ग तथा अन्य मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
