शिवमय हुई नाथ नगरी, भजनों पर झूमे कांवड़िये, डाक कांवड़ के लिए।विशेष इंतजाम

बरेली। भगवान शिव को समर्पित श्रावण मास के प्रथम सोमवार से पहले रविवार को नाथ नगरी पूरी तरह शिवमय हो गई। शहर से हजारों कांवड़िए गंगाजल लेने के लिए कछला, हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर के लिए रवाना हुए। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। शिवभक्ति में सराबोर कांवड़िए डीजे की धुनों पर नाचते-गाते अपनी यात्रा पर निकले। सोमवार तड़के लौटकर वे नाथ मंदिरों में भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नाथ मंदिरों में कांवड़ियों के भोजन से लेकर उनके विश्राम तैयारियां की गई हैं। नाथ मंदिरों में डाक कांवड़ के लिए अलग व्यवस्था की है। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं, जबकि कांवड़ियों और सामान्य श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग भी अलग निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार और रविवार को गंगाजल लेने निकले कांवड़ियों के जत्थे रविवार देर रात शहर लौटने लगे। रात दो बजे के बाद से कई शिवालयों में जलाभिषेक का सिलसिला भी शुरू हो गया। सोमवार भोर से सभी प्रमुख नाथ मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। कांवड़ के 100 से अधिक जत्थे रवाना, आज करेंगे जलाभिषेक: रविवार को शहर से 100 से अधिक कांवड़ जत्थे कछला, हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर के लिए रवाना हुए। कालीबाड़ी, स्वाले नगर, किला, कैंट, बदायूं रोड, नवाबगंज, भोजीपुरा समेत विभिन्न क्षेत्रों से निकले शिवभक्त पूरे रास्ते भजन-कीर्तन और जयघोष करते हुए गंगाजल लेने पहुंचे। अधिकांश जत्थे सोमवार देर रात से ही शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। साइकिल कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत: बरेली। हरिद्वार से गंगाजल लेकर झारखंड स्थित बैजनाथ ज्योतिर्लिंग में जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक के लिए निकले साइकिल कांवड़ियों का रविवार को कालीबाड़ी स्थित काली मंदिर परिसर में नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति की ओर से भव्य स्वागत किया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *