बरेली। उड़ान: शैक्षिक, सांस्कृतिक, सामाजिक सेवा समिति, बरेली द्वारा “राष्ट्र की विविधता में एकता” विषय पर चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बरेली एवं आसपास के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से भारत की विविध सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों द्वारा बनाए गए चित्रों में देश की अनेकता में एकता, भाईचारा, सांस्कृतिक विविधता तथा राष्ट्रीय भावना की सुंदर झलक देखने को मिली। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. धनपाल शर्मा, डॉ. अमित शर्मा एवं शुभ्रा शर्मा शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, विषय की समझ, रंग संयोजन, कलात्मक अभिव्यक्ति तथा संदेश के आधार पर चित्रों का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में पंडित दीनानाथ इंटर कॉलेज, बरेली की छात्रा श्रेया गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कांति कपूर इंटर कॉलेज की छात्रा वैष्णवी शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कांति कपूर इंटर कॉलेज की तमन्ना सिंह, जय नारायण सरस्वती इंटर कॉलेज के कवि कुमार तथा कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी, फरीदपुर, बरेली के प्रज्ञन्य शर्मा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निर्णायक मंडल ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता, राष्ट्रीय भावना एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि कला केवल सौंदर्य की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक संदेश देने का प्रभावी माध्यम भी है।प्रतियोगिता में कनक गुप्ता, शिवानी, तमन्ना सिंह, हिमांशु, हिमांशी, विजय, अजय, कृष्णा मौर्य, शिवम, यश मौर्य, अरुण मौर्य, कवि कुमार, आकाश, अभिषेक, विकास, दीपक सहित अनेक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। समिति के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों, उनके विद्यालयों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “उड़ान” का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रभावना को मजबूत करना है। बताते चलें कि उड़ान: समिति स्वर्गीय श्रीमती ऊषा शर्मा, स्वर्गीय श्री दर्शन कुमार शर्मा और स्वर्गीय प्रोफेसर एनएल शर्मा की पुण्य स्मृति स्थापित संस्था है जो निस्वार्थ भाव से विद्यार्थियों की विभिन्न प्रतियोगिताएं, श्रेष्ठ शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का सम्मान, पर्यावरण संरक्षण एवं समाज सुधार और जागरूकता, साइबर सिक्योरिटी, कंप्यूटर शिक्षा, नशा उन्मूलन आदि की गतिविधियां कराती रहती है। इसी क्रम में आयोजित हुई इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और रचनात्मक अभिव्यक्ति का उत्साह पैदा किया।
राष्ट्र की विविधता में एकता का संदेश देती चित्रकला प्रतियोगिता में श्रेया गुप्ता ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
