बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज मे रामपुर हाईवे किनारे एक अधेड़ का शव पड़ा मिला। मृतक के बेटे का आरोप है कि उसके पिता की किसी ने गोली मारकर हत्या की है। थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रामपुर हाईवे के पास जेलर बाग के सामने बुधवार की शाम करीब छह बजे यहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों को एक अधेड़ के शव पड़े होने की जानकारी मिली। घर से लापता हुए मथुरापुर निवासी मिनी राइस प्लांट मालिक रोशन लाल (55) पुत्र बालकराम का बेटा राजेश अपने पिता को ढूंढते ढूंढते वहां पहुंचा और मृतक के शव की शिनाख्त अपने पिता रोशन लाल के रूप मे की। राजेश ने सूचना अपने परिजनों को देते हुए एक वाहन की मदद से मृतक के शव को महानगर के एक अस्पताल पर ले गया। यहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस फॉरेंसिक टीम डॉग स्क्वाड टीम घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन की। जांच में भी मृतक के सीने मे आर पार गहरा जख्म था। जिससे प्रतीत होता है कि किसी अज्ञात ने गोली मारकर उसकी हत्या की है। आशंका यह भी व्यक्त की जा रही है कि किन्हीं कारणों के चलते मृतक ने आत्महत्या की हो। मौके से एक तमंचा, एक मोबाइल, मृतक का जूता बरामद हुआ है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। मृतक की विकलांग पत्नी मुन्नी का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक के तीन पुत्र व एक पुत्री है।।
बरेली से कपिल यादव