बरेली। रक्षाबंधन पर्व पर शुक्रवार को रोडवेज बसों और ट्रेनों में बहनों ने जमकर सफर किया। सुबह से शाम तक हजारों बहनों ने यात्रा की। बसों और ट्रेनों में चढ़ने को लेकर मारामारी के हालात थे। अधिकारियों की टीमें सेटेलाइट, पुराना बस स्टैंड, बरेली जंक्शन, बरेली सिटी और इज्ज्तनगर स्टेशन पर मॉनीटरिंग में लगी रहीं। भीड़ के आगे व्यवस्थाएं फिर भी कम पड़ गई। बसें पड़ी कम : बरेली मे परिवहन निगम बरेली रीजन ने रक्षा बंधन पर्व पर अपने चारों डिपो की 713 बसों का संचालन किया। कोई भी बस वर्कशाप में मेंटिनेंस के नाम पर नहीं रोकी गई। शुक्रवार की सुबह सात बजे से ही पुराना बस स्टैंड और सेटेलाइट पर बहनों की जबर्दस्त भीड़ पहुंचने लगी। दोपहर होते-होते हालात बेकाबू हो गये। बसों में क्षमता से अधिक सवारियों ने यात्रा की। ट्रेनों में भी रही मारामारी, जमकर किया सफर : रक्षाबंधन के पर्व पर दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं थी। जनरल टिकट पर लोग स्लीपर कोचों में सफर कर रहे थे। शुक्रवार को इंटरसिटी, आला हजरत, राज्यरानी, त्रिवेणी, बरेली-प्रयाग, बरेली-दिल्ली, बरेली-वाराणसी, बरेली-मुरादाबाद आदि ट्रेनों में जबर्दस्त भीड़ थीं। रेल नियमों की धज्जियां जमकर उड़ाईं। कोच गेट पर लटककर यात्रा की। ऐसे कोई नियमित एक्सप्रेस ट्रेन नहीं थी, जिसमें नो रूम न था।।
बरेली से कपिल यादव
