मुखबिरी के शक में युवक पर झौंका फायर

आजमगढ़- जहानागंज थाना क्षेत्र के दौलताबाद गांव में रविवार की दोपहर मुखबिरी के शक में 40 वर्षीय युवक पर असलहे से फायर झोंक दिया गया। गोली युवक के बाएं हाथमें लगी है। घायल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, वहीं स्थानीय पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।जहानागंज क्षेत्र के दौलताबाद गांव का रहने वाला 40 वर्षीय रमेश सिंह पुत्र रामअवतार सिंह रविवार की दोपहर अपने गांव के कुछ लोगों के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। उसी दौरान गांव के एक पक्ष के लोग वहां पहुंचे और दोनों पक्ष के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान एक पक्ष द्वारा असलहे से की गई फायरिंग के चलते मौके पर भगदड़ मच गई। असलहे से चलाई गई गोली रमेश के बाएं हाथ में लगी और वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद हमलावर पक्ष मौके से फरार हो गया। इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी गई। फायरिंग की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में जहानागंज थाना प्रभारी का कहना है कि दौलताबाद गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां घायल मिले युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है।अभी गोली से घायल होने की घटना संदिग्ध प्रतीत होती है। मेडिकल परीक्षण में स्थिति स्पष्ट होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायल पक्ष की ओर से थाने में नामजद तहरीर दी गई है। अस्पताल में उपचाराधीन रमेश सिंह का कहना है कि न्यायालय से किसी मामले में वारंट जारी होने पर पुलिस द्वारा कुछ समय पूर्व हमलावर पक्ष के तेजबहादुर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी को लेकर हमलावर पक्ष उसके ऊपर पुलिस से मुखबिरी का शक कर रहा था। गांव में व्याप्त चर्चाके अनुसार तीन-चार दिन पूर्व दोनों पक्षों के बीच मछली मारने को विवाद हुआ था, जिसके चलते दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्टर-:राकेश वर्मा आजमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *