मंदिर से लौट रहे दंपती को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पति की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र मे सेंथल मार्ग पर शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मंदिर से पूजा कर बाइक से घर लौट रहे पति-पत्नी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। हादसे में बाइक चला रहे 36 वर्षीय सूरज उर्फ रिंकू की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सरिता गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल का उपचार चल रहा है। गांव कुआंटांडा अहमदाबाद निवासी सूरज शनिवार दोपहर अपनी पत्नी सरिता के साथ मंदिर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवाबगंज-सेंथल मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पोल से जा भिड़ी और सूरज का सिर पोल से टकराकर बुरी तरह फट गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी सरिता को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन निजी अस्पताल ले गए। सूरज की मौत के बाद परिवार मे कोहराम मच गया। बेटे का शव देखकर मां मुन्नी देवी का कलेजा फट पड़ा। वह बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़ी और रोते हुए बार-बार यही कहती रही ‘हे भगवान! मैं अपने इकलौते बेटे के बिना कैसे जिऊंगी… कोई तो मेरे बेटे को उठा दो। मां की चीख सुनकर मौके पर मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गई। सूरज पांच बहनों में इकलौते भाई थे। चार बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन आदेशवती की शादी को लेकर सूरज बड़े अरमान संजोए हुए थे। वह अपनी छोटी बहन की शादी धूमधाम से करने की बात अक्सर परिवार में किया करते थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। भाई की मौत के बाद छोटी बहन का भी रो-रोकर बुरा हाल है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *