मंदिर की जमीन पर कब्जे की कोशिश, लोगों ने घेरी कोतवाली, जांच मे जुटी पुलिस

बरेली। कोतवाली क्षेत्र स्थित श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर की संपत्ति पर कब्जे और अवैध निर्माण को लेकर शुक्रवार को विवाद गहरा गया। मंदिर के सेवादार अशोक दास स्थानीय लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि मंदिर की कर्मस्थल भूमि पर कब्जा करने की नीयत से अवैध निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मंदिर के सेवादार अशोक दास, जो महंत रामनारायण दास के शिष्य है ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार को उन्हें सूचना मिली कि मंदिर की कर्मस्थल भूमि पर पवन जायसवाल द्वारा निर्माण कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो वहां निर्माण कार्य चलता मिला। उन्होंने इसका विरोध करते हुए कहा कि संबंधित भूमि मंदिर की संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का निर्माण बिना अनुमति कराया जाना पूरी तरह अवैध है। अशोक दास के अनुसार उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया। इसके बाद सेवादार स्थानीय लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पहुंचे स्थानीय लोगों का कहना था कि मंदिर की संपत्ति सार्वजनिक आस्था से जुड़ी है और उस पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मंदिर की भूमि का सीमांकन कराकर उसे सुरक्षित कराने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि मंदिर के सेवादार की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *