भुता, बरेली। जिले के भुता के गांव सिमरा बहोरनगला में सर्पदंश से एक प्राइवेट ट्यूटर को सांप ने काट लिया। परिजन अस्पताल न ले जाकर झाड़फूंक मे पड़े रहे। समय निकल जाने के बाद इलाज के लिए रुख किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसकी एक माह पहले ही शादी हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव सिमरा बहोर नगला मे पंकज शर्मा(28) पुत्र रामप्रकाश शर्मा बीएड करने के बाद प्राइवेट शिक्षक के रूप मे घरों मे ट्यूशन पढ़ाता था। इसके साथ ही सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। गुरुवार की शाम घर का दरवाजा बंद करते समय गधेना सांप ने उसे डस लिया। परिजन गुरुवार को उसे झाड़-फूंक करने वाले वैद्यों के पास लेकर गए जहां झाड़फूंक के बाद उसे घर ले आए। रात मे पंकज की फिर तबियत बिगड़ गई तो परिजन उसे शुक्रवार की सुबह फिर झाड़फूंक कराने वालों के पास लेकर गए जब वहां लाभ नही मिला तो फिर अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक पंकज की मौत हो गई। पंकज की शादी अभी मात्र एक माह पांच दिन पहले ही हुई थी। उसके दो भाई और एक बहन और है। रिटायर्ड होमगार्ड रामप्रकाश शर्मा के मझले बेटे की अचानक मौत से परिवार मे कोहराम मच गया। गांव में यह भी चर्चा है कि यदि तुरंत जिला चिकित्सालय में ले जाते और उपचार कराया जाता तो शायद पंकज की जान बच जाती लेकिन काफी देर होने से पंकज नहीं बच सका। गांव वालों के मुताबिक पंकज काफी होनहार और व्यवहार कुशल था।।
बरेली से कपिल यादव
