बरेली। तृतीय वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल बुखारा कैंप में संविधान दिवस को उपमहानिरीक्षक जी सी उपाध्याय के निर्देशन में विशाल आनंद सेनानी तृतीय वाहिनी के मार्गदर्शन में गुरुवार को मनाया गया। इस अवसर पर हिमवीर जवानों को संविधान के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की शपथ दिलाई गई। उपमहानिरीक्षक जी सी उपाध्याय ने कहा कि भारत का संविधान विश्व में किसी भी गणतंत्र देशों का सबसे लंबा लिखित संविधान है। भारतीय संविधान में वर्तमान समय में 448 अनुच्छेद 12 अनुसूचियां हैं जो कि 25 भागों में विभाजित है। इसे पूर्ण करने में कुल 2 वर्ष 11 माह 18 दिन का समय लगा। 26 नवंबर 1949 को संविधान अधिग्रहित किया गया था। इस उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य सामाजिक जीवन में संविधान के मूल कर्तव्य एवं उद्देश्यों को प्राप्त करने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराना है। उन्होंने आगे कहा कि हमारा कर्तव्य है कि हम अपने देश के संविधान का सम्मान करें व इसकी रक्षा भी करें। कार्यक्रम के अंत में सभी को संविधान की उद्देशिका को अपने जीवन में अंगीकृत करने का संदेश देते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। इस अवसर पर सेनानी स्टॉप क्षेमु बरेली जी एन चोई सहित अन्य अधिकारी व हिमवीर जवान उपस्थिति रहे।।
बरेली से कपिल यादव