बरेली। बरेली कॉलेज परिसर को अब नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है। कॉलेज में अनुशासन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने 10 सितंबर को इसका आदेश जारी किया। यह व्यवस्था अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से 24 अगस्त को दिए गए ज्ञापन के क्रम में की गई है। प्रबंधन समिति के सचिव की स्वीकृति के बाद इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट से प्रवेश करने वाले शिक्षक, शोधार्थी और शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने वाहन वाणिज्य विभाग के सामने निर्धारित स्थान पर पार्क करेंगे। पश्चिमी गेट से आने वाले शिक्षक, शोधार्थी और कर्मचारी अपने वाहन पश्चिमी बैरियर के पास निर्धारित स्थान पर खड़े करेंगे। पार्किंग व्यवस्था में प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य और सुरक्षाकर्मी सहयोग करेंगे। छात्र-छात्राओं को अपने वाहन कॉलेज परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उनके वाहन पूर्वी और पश्चिमी गेट पर निर्धारित साइकिल स्टैंड में ही पार्क किए जाएंगे। कॉलेज प्रशासन ने सभी शिक्षकों, शोधार्थियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं से आदेश का तत्काल पालन करने की अपील की है।।
बरेली से कपिल यादव
