बरेली का तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, टूटा 10 साल का रिकॉर्ड

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। जिले सहित शहर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लगातार तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। शनिवार को शाम का पारा लुढ़ककर 2.8 डिग्री पर पहुंच गया। दिन का तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। हालत यह है कि जिले में पहाड़ी क्षेत्रों से अधिक ठंड हैं। दो दिनों में जिले का पारा लुढ़ककर 3.3 से 2.8 पर पहुंच गया है। बीते दस सालों में अब तक जिले में इतनी ठंड नहीं पड़ी है। शनिवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। इसके पहले न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। लेकिन शनिवार को पारे की गिरावट ने एक बार फिर ठिठुरन बढ़ा दी है। दिन भर लोग ठंड से कंपकपाते रहे। शाम को हाड़ कंपाने वाली ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने मजबूर कर दिया। शाम होते ही शीत लहर के कारण ठंड का असर तेज हो गया। एक तरफ पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है तो दूसरी तरफ कोहरा भी पड़ रहा है। वहीं जिले में लगातार चल रही सर्द हवाएं और ओस की बूंदे फसलों के लिए वरदान साबित हो रही है। वहीं तेज हवाओं ने सर्दी और बढ़ा दी है। परिणाम ये हुआ कि जिले का तापमान दिनों दिन गिरता जा रहा है। हालत ये है आमतौर पर सबसे ज्यादा ठंडे रहने वाले जम्मू, शिमला, नैनीताल जैसे शहरों से ज्यादा इस समय बरेली में सर्दी पड़ रही है। जहां शिमला का तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस है। वहीं बरेली का तापमान गिरकर 2.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। पहाड़ों की ओर से चल रही तेज ठंडी हवाओं ने आम जनजीवन पर खासा असर डाला है। ऐसे में जो लोग घर से बाहर निकल रहे हैं। उनको खास सावधानी बरतने की जरुरत है। सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोग खुद को पूरी तरह ढककर ही निकलें। हालांकि शनिवार को राहत वाली ये बात रही कि धूप खिली है। जिसकी वजह से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि ठंड पड़ने की वजह से जरूरी काम से ही लोग बाहर निकल रहे हैं। सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा ट्रैफिक कम है तो गर्म कपड़ों की बिक्री में ठंड के चलते इजाफा हुआ है। लिहाजा कपड़ा कारोबारी खुश हैं। हालांकि बढ़ती ठंड से बच्चे और बुजुर्ग खास तौर पर सतर्क रहें और गर्म कपड़ों के साथ घर पर ही रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *