प्रसूता की मौत के बाद जागे स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल किया सील

दुनका, बरेली। प्रसव को अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिला की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दुनका के चिश्ती हॉस्पिटल को सील कर दिया। मंगलवार को दुनका निवासी सोनू ने अपनी पत्नी संजो को प्रसव के लिए दुनका के चिश्ती हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। जहां आपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा था। शिकायत के बाद डिप्टी सीएमओ व प्रभारी चिकित्साधिकारी अस्पताल पहुंचे और संचालक से पंजीकरण व चिकित्सक के दस्तावेज मांगे। दस्तावेज न दिखाने पर अस्पताल को सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने दुनका स्थित साई पैथोलॉजी, शीशगढ़ के सिद्धिकी हॉस्पिटल, ओम लाइक हॉस्पिटल, आयुषी हॉस्पिटल, एडवांस पैथोलॉजी, लाइफलाइन पैथोलॉजी, एमएस पॉलीक्लिनिक और जारा हयात हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। जांच में विभिन्न कमियां मिलने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई। अभियान में नोडल अधिकारी डॉ. लईक अहमद, सह नोडल अधिकारी डॉ. अमित दिनकर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शेरगढ़ डॉ. गजेंद्र चौहान, वार्ड बॉय राजेश तथा चालक राहुल शामिल रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *