प्रसव के बाद गोवंश की मौत पर हंगामा, कार्रवाई के आश्वासन पर लोग हुए शांत

आंवला, बरेली। नगर के मोहल्ला कच्चा कटरा शिव मंदिर चौक के पास एक छुट्टा गौवंश का प्रसव होने के बाद पालिका कर्मी गाय और नवजात बछिया को उठाकर कान्हा गौशाला ले जाने के लिए पहुंचे। आरोप है कि गाय को ट्रॉली पर चढ़ाने के प्रयास में गाय की मौत हो गई, जिस पर लोगों ने पालिका कर्मियों को घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा, चेयरमैन आबिद अली तथा कोतवाल बीनू सिंह मौके पर पहुंचे और कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए। बुधवार को मोहल्ला कच्चा कटरा में सुबह एक छुटटा गाय ने बछिया को जन्म दिया, उस समय दोनों स्वस्थ थे। इस बीच किसी ने पालिका को इसकी सूचना दे दी, तो दोपहर ढाई बजे पालिका कर्मी गाय और उसके बच्चे को उठाकर नगर पालिका द्वारा संचालित कान्हा गोशाला ले जाने के लिए ट्रैक्टर- ट्रॉली लेकर पहुंचे। लोगों को आरोप है कि पालिका कर्मियों ने गाय को ट्रॉली में लादने के लिए निर्ममता से उसके पैर बांधें, गले में रस्सी बांधी और ट्रॉली पर चढ़ाने की कोशिश की, जिससे गाय का गर्भाशय बाहर निकल आया, पशु चिकित्सक को बुलाया गया, उन्होंने गर्भाशय अन्दर कर टांकें भी लगाए, लेकिन गाय की मौत हो गई। इस पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम, कोतवाल, चेयरमैन मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हे शांत किया, शव को पोस्टमार्टम तथा बछिया को कान्हा गोशाला भेज दिया। इस दौरान विश्व हिन्दू परिषद और गो रक्षक दल के पदाधिकारी भी पहुंच गए। पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना, दुर्गेश सक्सेना, आशीष हिंदू, मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *