बरेली। जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 5 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान निधि खातो मे पुरस्कार के 33 लाख रुपये भेज दिए गए है। वित्तीय वर्ष 2020-21 मे उत्कृष्ट कार्य के आधार पर इन गांवों को पुरस्कृत किया गया था। इसमें शासन से चयनित ग्राम पंचायत भरतौल को 11 लाख, मिंतरपुर को नौ लाख, अलीगंज को सात लाख, कठर्रा को चार लाख व मिर्जापुर औरंगाबाद को दो लाख रुपये मिले है। इनमें कार्य योजना बना ली गई है। जल्द ही विकास कार्य कराए जाएंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना के तहत पुरस्कृत पंचायतों से संबंधित ब्लाक अधिकारियों, सचिवों व प्रधानों को इनाम के तौर पर मिली धनराशि से बेहतर विकास कार्य कराए जाने के निर्देश दिए हैं। पुरस्कृत धनराशि का व्यय गोशाला, काजी हाउस की मरम्मत व रख रखाव, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंध से संबंधित कार्य, ग्राम पंचायतों में स्वयं की आय के स्रोतों में वृद्धि के लिए खर्च किए जा सकते है। पंचायत भवन का निर्माण कराया जा सकता है। पंचायत भवन पूर्व से निर्मित है तो उसमें आवश्यकतानुसार एक या दो अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पंचायत कार्यालय की स्थापना, जिसमें कंप्यूटर, प्रिंटर एवं इंटरनेट की सुविधाएं सम्मिलित हैं। ग्राम पंचायतों में जनसुविधा केन्द्र व लाइब्रेरी की स्थापना कराए जाने के अलावा अन्य कार्य कराए जा सकते है।।
बरेली से कपिल यादव
