नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव बोले- भाजपा फिर सत्ता मे आई तो चुनाव नही होगा, संविधान खत्म करने की तैयारी

बरेली। सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने भाजपा पर हमला बोला। शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक मे उन्होंने दावा किया कि अगर उत्तर प्रदेश मे दोबारा भाजपा की सरकार बनी तो 2029 का लोकसभा चुनाव नही होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संसद में दो-तिहाई बहुमत जुटाकर संविधान और लोकतंत्र खत्म करने की तैयारी कर रही है। साथ ही राम मंदिर चंदा, ईवीएम, टीईटी और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी कई बयान दिए। लाल बिहारी यादव ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संगठन मजबूत करने और पार्टी का संदेश लोगों तक पहुंचाने की अपील की। लाल बिहारी यादव ने कहा कि प्रदेश की शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों का चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। यह आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी का पहला चरण है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटना होगा और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश हर शिक्षक तक पहुंचाना होगा। बैठक में उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में आया सोना, चांदी और नकदी चुनाव में इस्तेमाल की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव जाएं और लोगों को अपनी बात बताएं। लाल बिहारी यादव ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव बैलेट पेपर से हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी बैलेट से होने वाला चुनाव भी नहीं जीतती है तो भविष्य में ईवीएम पर सवाल उठाने का नैतिक आधार कमजोर हो जाएगा। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी मेहनत करनी होगी। लाल बिहारी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर टीईटी व्यवस्था खत्म की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मदरसों को जांच के नाम पर बदनाम किया जा रहा है। साथ ही कहा कि सरकार बनने पर शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। बैठक के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संगठन मजबूत करने, गरीब, पिछड़े, दलित और उपेक्षित वर्ग के लोगों से संवाद बढ़ाने और विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करने की अपील की।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *