* सुबह चला स्वच्छता अभियान, शाम को मां गंगा की आरती कर लिया स्वच्छ एवं निर्मल गंगा का संकल्प
बरेली। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जिला गंगा समिति–नमामि गंगे एवं गंगा समग्र नाथनगरी, बरेली के संयुक्त तत्वावधान में रामगंगा घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर सुबह ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया, जबकि शाम को विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना कर भव्य आरती की गई।
सायं छह बजे पंडित गुड्डू ने मां गंगा की पूजा-अर्चना के साथ आरती प्रारंभ कराई। इस दौरान रामगंगा घाट ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा। दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने मां गंगा को दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की और गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर गंगा समग्र नाथनगरी, बरेली के महानगर संयोजक ठाकुर अखिलेश सिंह ने कहा कि शारदीय नवरात्रि शक्ति की आराधना का पर्व है, जबकि गंगा हमारी संस्कृति, आस्था और परंपरा की प्रतीक हैं। गंगा आरती के माध्यम से स्वच्छ गंगा और निर्मल गंगा के संकल्प को दोहराया गया। उन्होंने घाटों की स्वच्छता बनाए रखने तथा जनसहभागिता के माध्यम से गंगा संरक्षण के प्रयासों को आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम से पूर्व आयोजित स्वच्छता अभियान के माध्यम से लोगों को गंगा घाटों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। वहीं, शाम की आरती ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ने के साथ ही गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में बरेली विकास प्राधिकरण के ओएसडी नीरव श्रीवास्तव, मनोज कुमार, जिला गंगा समिति नमामि गंगे नागेन्द्र निषाद, समग्र नाथनगरी के महानगर संयोजक ठाकुर अखिलेश सिंह, सह-संयोजक रामनारायण सक्सेना, महानगर संयोजक युवा हरपाल सिंह यादव, प्रियांशु अग्रवाल, नरेंद्र पाल, बिंदु सिंहानिया, मानसा मिश्रा एवं बृजेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, युवा कार्यकर्ता और मातृशक्ति उपस्थित रहे।
