धोरीमना शिविर में 32. रास्तों और 6 उच्च जलाशयों सहित 40 मामलों में भूमि आवंटित : बद्री नारायण विश्नोई

राजस्थान/बाड़मेर- विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत रविवार को गिरदावर वृत्त धोरीमन्ना में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में गिरदावर मंडल धोरीमन्ना की 11 ग्राम पंचायतों एवं सभी पटवार मंडलों से पहुंचे ग्रामीणों ने 22 विभागों की 95 प्रकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया। देर शाम तक शिविर में लाभार्थियों की भीड़ रही। धोरीमन्ना उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि शिविर में राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। धोरीमन्ना गिरदावर मंडल में 32 स्थायी चालू रास्तों को राजस्व अभिलेख में गैर मुमकिन रास्ता दर्ज करने के आदेश मौके पर जारी किए गए। इसके अलावा भागभरे की बेरी तथा प्राथमिक विद्यालय सुथारों की बेरी के लिए भूमि आवंटित की गई। नर्मदा नहर आधारित पेयजल परियोजना के तहत आजाणियों की ढाणी, मिसरी की बेरी, रामेश्वर नगरी, पेमा नगरी, सनावड़ा कल्ला और मघे की ढाणी में उच्च जलाशयों के निर्माण के लिए भूमि आवंटित की गई। इस प्रकार पेयजल सुविधा से जुड़े छह मामलों में ग्रामीणों को लाभ मिला।

कृषि विभाग की तारबंदी योजना के तहत बूढ़े का तला निवासी खेमाराम और धुर मोहम्मद को 40-40 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी कर लाभान्वित किया गया। रामदेव नगर और खरड़ के दो दर्जन लाभार्थियों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। वहीं गड़रा निवासी हनुमानाराम को गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना का लाभ दिया गया। पशुपालन विभाग की मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत लोहरवा निवासी गोलू देवी, जूनाखेड़ा निवासी सोहनी देवी और लोलो की बेरी निवासी पेमी देवी को डीबीटी के माध्यम से 40-40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई,शिविर में आंगन मिलन कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर तहसीलदार धोरीमन्ना चंद्रप्रकाश शर्मा, अतिरिक्त विकास अधिकारी गोकलाराम सुथार, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी राजेश विश्नोई, बीसीएमओ डॉ. महिपाल, कृषि सुपरवाइजर दिनेश कुमार, पार्षद अशोक कुमार विश्नोई, लक्ष्मण भार्गव, कार्यकर्ता मनीष पुंगलिया, असली बामनिया सहित 22 विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं सैकड़ों लाभार्थी मौजूद रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *