क्योंलड़िया, बरेली। जनपद के थाना क्योंलड़िया क्षेत्र के धनौर जागीर गांव और उसके आसपास के इलाके को एक बार फिर तेंदुए ने अपना ठिकाना बना लिया है। शनिवार रात ट्रैक्टर से जा रहे ग्रामीणों का तेंदुए से आमना-सामना हो गया। ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाकर उसका फोटो खींच लिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। शनिवार रात मौजम नगला ठाकुर दास गांव के सत्यपाल अपने ट्रैक्टर से सतीश कुमार की ट्रॉली वापस करने जा रहे थे। जैसे ही वह क्योंलड़िया दलेल नगर रोड पर धनौर जागीर की पुलिया के पास पहुंचे, अचानक उनके सामने तेंदुआ आ गया। सामने आए तेंदुए को देखकर सत्यपाल बुरी तरह घबरा गया। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर को सड़क के किनारे तुरंत रोक दिया और खुद को सुरक्षित किया।सत्यपाल ने हिम्मत जुटाकर मोबाइल फोन से तेंदुए की फोटो भी खींच लिया। कुछ देर सड़क पर रुकने के बाद तेंदुआ धीरे-धीरे गन्ने के खेतों की ओर चला गया। तेंदुए के जाने के बाद सत्यपाल ने राहत की सांस ली और तुरंत गांव पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी। इसकी जानकारी मिलते ही लोगों में दहशत फैल गई। वहीं, जगी डांडी गांव में तेंदुए की आवाजाही और जंगली जानवरों पर हमले की खबर मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने वहां पिंजरा लगा दिया है।।
बरेली से कपिल यादव
