देशभक्ति के रंग में रंगा बरेली, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने फहराया तिरंगा, लिया स्वच्छता का संकल्प

बरेली। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर के हर कोने, गलियों, पार्कों और सरकारी-गैरसरकारी संस्थानों में राष्ट्रगान और देशभक्ति के तराने गूंजते रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर निगम के प्रमुख अधिकारियों ने ध्वजारोहण कर देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। स्वच्छता के संकल्प के साथ महापौर डा. उमेश गौतम ने नगर आयुक्त सजीव कुमार मौर्य और अन्य पार्षदों-अधिकारियों के साथ ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण देखने को मिला। समारोह मे कस्तूरबा विद्यालय के छात्र-छात्राओं की ओर से मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य एवं देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी गई, जिसने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। इस दौरान स्वतंत्रता के गौरव के साथ आमजन को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जिम्मेदार नागरिकता का संदेश भी दिया गया। महापौर डा. उमेश गौतम एवं नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता केवल देश को गुलामी से मुक्त कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर भारत का निर्माण करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी देशभक्ति को स्वच्छता से जोड़ते हुए प्रभावी जन-जागरूकता संदेश दिया गया। कलाकारों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने, कचरे का सही निस्तारण करने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। मंत्री ने युवाओं से की ये अपील : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शहर के पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन (जीआईसी ऑडिटोरियम) में भव्य समारोह आयोजित किया गया। यहां मुख्य अतिथि पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने ध्वजारोहण किया। मंत्री धर्मपाल सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, संघर्ष और शहादत को नमन किया और कहा कि देश की आज़ादी अनगिनत नायकों के बलिदान का नतीजा है। शहीद अशफाक उल्ला खान के अदम्य साहस और देशभक्ति का जिक्र करते हुए उन्होंने युवाओं से देशहित में काम करने और सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आग्रह किया, साथ ही शिक्षकों से छात्रों का चरित्र संवारने में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। कलक्ट्रेट में फहराया तिरंगा
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों ने देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प दोहराया। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, संघर्ष और अमूल्य योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया। उनके परिवारों को सम्मानित किया गया। समारोह में सभी प्रशासनिक अफसर मौजूद रहे। मंडलायुक्त शंभु कुमार ने कमिश्नरी में ध्वजारोहण किया। पुलिस लाइन में एसएसपी ने किया ध्वजारोहण : एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस लाइन में तिरंगा फहराया और पुलिस बल को राष्ट्र की एकता व अखंडता की शपथ दिलाई। इस मौके पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदक व सम्मान प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान चिह्न भेंट किए गए। छावनी परिषद और रक्षा संपदा कार्यालय में फहराया तिरंगा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छावनी परिषद कार्यालय और रक्षा संपदा कार्यालय में गरिमापूर्ण एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत समारोह में सीईओ डॉ. तनु जैन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर डॉ. तनु जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों, उत्तरदायित्वों एवं संकल्पों को दोहराने का अवसर है। इसके साथ ही उन्होंने आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में भी ध्वजारोहण किया। कैंट बोर्ड में ध्वजारोहण के दौरान उन्होंने चार सीएनजी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अपने कार्यालय में शामिल किया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *