दीक्षांत समारोह आज, मेधावियों पर होगी मेडलों की बरसात

बरेली। राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल मंगलवार को महात्मा ज्योतिबाफुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के अटल सभागार में मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और उपाधि देकर सम्मानित करेंगी। इससे पहले सोमवार को अटल सभागार में कार्यक्रम का रिहर्सल किया गया। हालांकि बारिश की वजह से शोभायात्रा का रिहर्सल नहीं हो पाया। तैयारियों को अंतिम रूप देने में सभी समितियों के जिम्मेदार लगे रहे। दीक्षांत समारोह में 104 पीएचडी व एक डी-लिट उपाधि के अलावा 82 मेधावियों को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। जिसमें 69 मेडल महिलाओं को और 13 मेडल पुरुषों को दिए जाएंगे। स्नातक स्तर पर 31 मेडल दिए जाएंगे जिसमें 27 महिला और 4 पुरुष हैं। परास्नातक स्तर पर 51 मेडल 42 महिलाओं और 9 पुरुषों को दिए जाएंगे। मंच से राज्यपाल केवल 23 मेडल वितरित करेंगी। इसके अलावा स्कूली बच्चों की प्रस्तुति होगी। कुलपति प्रो. केपी सिंह सोमवार को लगातार तैयारियों का जायजा लेते रहे। राज्यपाल स्वर्ण जयंती द्वार से दाखिल होंगी और विवेकानंद मार्ग होते हुए अटल सभागार तक पहुंचेंगी। वह नवनिर्मित विवेकानंद प्रेरणा स्थल पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय में स्थापित मियावाकी और कृषि संकाय का उद्घाटन करेंगी। स्वास्थ्य विभाग भारत सरकार के पूर्व संयुक्त सचिव डॉ. राकेश कुमार मुख्य अतिथि, यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय अति विशिष्ट अतिथि, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *