मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम बलूपुरा में सोमवार तड़के हुई चोरी की घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी। गांव के दो परिवारों ने अपने-अपने घरों में चोरी होने की तहरीर पुलिस को दी है। खास बात यह है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर संदेह जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों शिकायतें लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पहले पक्ष के अनुसार, सोमवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे की अलमारी टूटी मिली और सामान बिखरा पड़ा था। आरोप है कि अलमारी से सोने-चांदी के जेवर, जिनमें सोने के झाले, दो मंगलसूत्र, गले की कंठी, झुमकी, अंगूठियां, लौंग, ओम पेंडेंट तथा चांदी की दो जोड़ी पायल चोरी हो गईं। पीड़ित का दावा है कि घटनास्थल पर गांव निवासी एक व्यक्ति के परिजन का आधार कार्ड और एक हंसिया मिला, जिससे अलमारी तोड़ी गई होने की आशंका जताई गई। पीड़ित ने गांव के ही दो लोगों और उनके साथियों पर संदेह व्यक्त करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। साथ ही आरोप लगाया कि आधार कार्ड मिलने की जानकारी होने पर संदिग्ध पक्ष विवाद पर उतारू हो गया। दूसरे पक्ष ने भी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे उनकी पत्नी बच्चे के लिए दूध बनाने उठी तो कमरे के दरवाजे खुले मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने की एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स तथा उनका और उनके दिवंगत पिता का आधार कार्ड गायब मिला। पीड़ित ने चोरी की जांच कर जेवर बरामद कराने तथा आधार कार्ड के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद गांव में चर्चाएं हो रही है।।
बरेली से कपिल यादव
