दिवाली पर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया पूरा शहर, गणेश-लक्ष्मी का पूजन करके सुख-समृद्धि की कामना

बरेली। रोशनी का पर्व दिवाली धूमधाम के साथ जिले भर में मनाया गया। दीपकों की रोशनी व रंगा-बिरंगी लाइटों से पूरा शहर जगमग हो गया। शुभ मुहूर्त में धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा की विधि-विधान के साथ की गई। मां लक्ष्मी व विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की आरती की गई, साथ ही भगवान कुवेर की भी पूजा की गई। लोगों ने पूजन के बाद घरों की मुंडेर पर दीपक जलाए। झिलमिलाते दीपों की रोशनी ने अमावस का अंधेरा मिटा दिया। हर गली और सड़क रोशनी में नहाई नजर आई। इस दौरान सभी उत्साह में डूबे नजर आए। दिवाली पर शहर में जमकर आतिशबाजी हुई। रंगा बिरंगी पटाखों से आसमान सतरंगी हो गया। देर रात तक पटाखों की आवाज और हवा में सितारों की तरह चमकते रोशनी रही। शहर के पाश इलाके रामपुर गार्डन, डीडीपुरम व राजेंद्र नगर में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर दिवाली की बधाई दी। हर बार की तरह इस बार भी दीपावली पर्व को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बच्चे और बूढ़े सभी इस पर्व को मनाने के लिए तैयार दिखे। सोमवार को दीपावली वाले दिन भी लोग दिनभर अपने घरों की सफाई में जुटे रहे और शाम को दीप जलाकर अपने घरों को रोशन किया। दोपहर में लोगों ने अपने वाहनों की भी धुलाई की और उन्हें सजाया। बाजारों में भी दिनभर रौनक रही, जहां लोगों ने पटाखों, सजावटी सामग्री, फूलमालाएं और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की खरीदारी की। घरों के मुख्य द्वार पर बंधनवार और गेंदे के फूलों से सजावट की और आंगन में रंगोली बनाई गई। दीपावली की रात में परिवार के साथ मिलकर आतिशबाजी करने और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने का खासा उत्साह देखा गया। बच्चों ने जहां बड़ों के पैर छूकर आशीवांद लिया। वहीं, परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाई। पड़ोसियों और रिश्तेदारों के बीच भी मिठाइयों और पटाखों का आदान-प्रदान हुआ। सोशल मीडिया पर भी बधाई संदेशों की धूम रही। शहर के मंदिरों में भी दिवाली का पूजन किया गया। मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर, श्रीबांके बिहारी मंदिर, रामायण मंदिर, प्रेमनगर के त्रिवटीनाथ मंदिर समेत शहर के सभी मंदिरों में दिवाली का पूजन किया गया। मंदिरों को भी रंगा बिरंगी लाइटों व दीपकों से सजाया गया। आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। बच्चों ने दीपावली पर मिष्ठान के अलावा पिज्जा, फास्ट फूड आदि का आनंद लिया। पिज्जा कंपनी और रेस्टोरेंट संचालकों ने 20 से 25 प्रतिशत तक की छूट पर ऑर्डर बुक किए। दीपावली पर स्पेशल पैकेज भी दिए गए। देर रात तक ऑर्डर बुक कराए गए। रेस्टोरेंट एसोसिएशन से जुड़े आशीष आनंद ने बताया कि पहली बार दीपावली पर करोड़ों का कारोबार किया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *