दिल्ली हाईवे के फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर युवाओं का प्रदर्शन, अधिकारियों ने समझाकर किया शांत

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। केंद्र सरकार की नई फौजी भर्ती योजना अग्निपथ योजना के अंतर्गत दो दिन बाद अग्निवीरों की भर्ती कराने की तैयारी मे जुटी सरकार के सामने इस योजना का विरोध करने वाले युवा लगातार उग्र होते जा रहे है। देश के कई क्षेत्रों मे हिंसक प्रदर्शन होने के बाद शनिवार की सुबह 11 बजे के करीब 200 सौ युवाओं ने फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर हंगामा किया। इसके साथ ही हाईवे जाम करने की भी कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स के साथ एसडीएम डा. वेदप्रकाश मिश्रा व सीओ राजकुमार मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी फतेहगंज पश्चिमी संजय सिंह समेत बड़ी संख्या मे पुलिस बल तैनात किया गया। आक्रोशित युवाओं को अधिकारियों ने समझाया तो वह मान गए। इसके बाद उन्‍होंने रास्‍ता खाली कर दिया। आपको बता दें कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव मीरापुर, रहपुरा, बहेड़ी आसपास के गांवों के करीब 200 युवा नेशनल हाईवे 24 पर प्रदर्शन करने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों मे शामिल युवाओं मे से अधिकांश अपने चेहरे पर अंगोछा बांधे हुए थे। टोल प्लाजा के पास इकट्ठे हुए इन युवाओं ने हाइवे पर गुजर रहे वाहनों को कुछ देर तक रोक दिया और सड़क पर जाम लगाकर बैठ गए। इस दौरान नारेबाजी के साथ प्रदर्शन भी किया। फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर सेना की तैयारी कर रहे युवकों के प्रदर्शन की सूचना पर अधिकारी पहुंच गए। आक्रोशित युवाओं ने बताया कि वे सेना की नई भर्ती प्रक्रिया को लेकर नाराज है। आक्रोशित युवकों ने सेना भर्ती की पुरानी प्रक्रिया को बहाल करने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने उनकी बात उच्‍चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्‍वासन दिया और उनसे ज्ञापन ले लिया। इसके बाद युवाओं ने रास्‍ता छोड़ दिया। उसके बाद हाईवे पर आवागमन सुचारू हो गया। हालांकि, एहतियात के तौर पर मौके पर अभी भी फोर्स तैनात है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *