नवाबगंज, बरेली। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अविनाश सिंह पुलिस की कार्यशैली को लेकर सख्त नजर आए। फरियादियों की शिकायतें सुनने के दौरान उन्होंने नवाबगंज के कोतवाल अरुण कुमार की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि थाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। यदि शिकायतें गिनने बैठे तो उनकी संख्या 100 से कम नहीं होगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों का समयवद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान डीएम के निर्देश पर पात्र लाभार्थी ममता देवी का ऑन-द-स्पॉट राशन कार्ड बनाकर उपलब्ध कराया गया। नवावगंज विधायक डॉ. एम.पी. आर्य की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 309 शिकायते दर्ज हुई, जिनमें से केवल पांच का गौके पर ही निस्तारण हो सका। शेष 304 शिकायतों को संबंधित विभागों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। रिछोला किफायतुल्ला गांव के अरविंद कुमार, महेंद्र कुमार, प्रेमपाल और कृष्णपाल ने शिव मंदिर के पास नाला नहीं होने से जलभराव की समस्या बताई। टीएम ने खंड विकास अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराने के आदेश दिए। इसी दौरान रिछोला निवासी बाबू ने जहानाबाद कस्बे में फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया। शिकायत में कहा गया कि जिस जमीन का बैनामा किया गया, वह मौके पर मौजूद ही नहीं है। मामले में डीएम ने जांच कर दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। चेना गांव के एक दिव्यांग की पेंशन ना बनाए जाने की शिकायत पर सीएमओ डा. विश्राम सिंह और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चमन सिंह को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सुरेश पटेल ने बताया कि ग्राम सहोदर नगला से तुमढ़िया व धौरेरा से इनायतपुर तक कच्चे दलदल वाले रास्ते हैं पैदल चलना दुश्वार है कावड़ वाले लोग भी इस रास्ते से निकलते है जल्द ही इसको दुरुस्त किया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में जिले के सभी विभागों के अफसर मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
